‘लफ़्ज़ों की महफ़िल’ में देशभर के साहित्यकार एवं काव्य कलाकार करेंगे रचनाओं का पाठ, प्रतिभाओं का होगा सम्मान
उदयपुर। शहर की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था ‘लफ़्ज़ों की महफ़िल’ की ओर से रविवार, 30 अगस्त को सायंकाल 4 बजे अशोका पैलेस, जुडियो शोरूम के ऊपर, 100 फीट शोभागपुरा रोड, उदयपुर में भव्य मासिक काव्य गोष्ठी एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर साहित्यप्रेमियों में खासा उत्साह है।
संस्था के संस्थापक मुकेश माधवानी ने बताया कि ‘लफ़्ज़ों की महफ़िल’ साहित्य और काव्य प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। मासिक श्रृंखला के इस आयोजन में उदयपुर सहित देशभर से साहित्यकार, कवि एवं काव्य कलाकार शामिल होंगे और अपनी भावपूर्ण रचनाओं का पाठ कर साहित्य की खूबसूरत शाम को यादगार बनाएंगे।
कार्यक्रम के संयोजक पं. पुरुषोत्तम शाकद्वीपीय ‘प्रेमी’ ने बताया कि इस अवसर पर ‘बारिश’ और ‘अगन लगाए’ विषय पर आयोजित काव्य प्रतियोगिता के प्रथम तीन विजेताओं को पुरस्कार एवं सम्मान पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों का सम्मान किया जाएगा।
समारोह में उदयपुर के पाँच प्रतिष्ठित साहित्यकारों का विशेष अभिनंदन भी किया जाएगा। देशभर से आने वाले रचनाकारों की मौजूदगी में यह आयोजन साहित्य, कविता और रचनात्मक अभिव्यक्ति का अनूठा संगम बनेगा। ‘लफ़्ज़ों की महफ़िल’ ने सभी साहित्यप्रेमियों, कवियों और कला-संस्कृति से जुड़े लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस साहित्यिक उत्सव का हिस्सा बनने का आग्रह किया है।
