उदयपुर। मदर्स डे के अवसर पर एपेक्स हॉस्पिटल में भारत विकास परिषद पद्मिनी शाखा एवं लायंस क्लब लेकसिटी के संयुक्त तत्वावधान में महिलाओं के स्वास्थ्य को समर्पित एक विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं के लिए निःशुल्क बीएमडी जांच की गई तथा हॉस्पिटल द्वारा डिस्काउंट हेल्थ कार्ड सुविधा भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद पद्मिनी शाखा की सचिव डॉ. बलदीप शर्मा एवं मीना बाबेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान डॉ. बलदीप शर्मा ने कहा कि “मां का स्वास्थ्य समाज की पहली प्राथमिकता है। यदि मां स्वस्थ रहेगी तो पूरा समाज स्वस्थ रहेगा।”
कार्यक्रम में परिषद की अध्यक्ष शिल्पा पामेचा ने कहा कि इस प्रकार के निःशुल्क मेडिकल जांच शिविर महिलाओं एवं समाज को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि भारत विकास परिषद पद्मिनी शाखा भविष्य में भी इसी प्रकार की सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां निरंतर आयोजित करती रहेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।
