प्रतापगढ़ में एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में अफीम, गांजा व डोडा पोस्त सहित आरोपी गिरफ्तार

एएनटीएफ की प्रतापगढ़ में कार्रवाई, अवैध मादक पदार्थ व गांजे के पौधे बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

प्रतापगढ़,23 अप्रैल। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अफीम, गांजा, डोडा पोस्त एवं गांजे के हरे पौधे बरामद किए गए। एएनटीएफ उप महानिरीक्षक अभिजीत सिंह ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के मार्गदर्शन में मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है।

प्राप्त आसूचना के आधार पर एएनटीएफ टीम प्रतापगढ़ को सूचना मिली कि प्रतापगढ़ से चित्तौड़गढ़ जाने वाले हाइवे पर रठांजना क्षेत्र में एक गुमटी के पास एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ के साथ खड़ा है तथा उसे सप्लाई करने की फिराक में है। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची, जहां बताये गए हुलिये के अनुसार एक व्यक्ति खड़ा मिला। टीम को देखकर वह व्यक्ति घबरा गया और खेतों की ओर भागने लगा, जिसे टीम ने पीछा कर पकड़ लिया। बाद में स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाया गया।

स्थानीय पुलिस द्वारा आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास एक थैली में अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गुमटी उसकी है तथा उसके पीछे स्थित खेत भी उसी के हैं। इस पर टीम द्वारा गुमटी एवं खेत की तलाशी ली गई, जिसमें खेत से अवैध गांजे के हरे पौधे तथा गुमटी से डोडा पोस्त एवं अफीम बरामद किए गए। इसके पश्चात स्थानीय पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के दौरान कुल 303 ग्राम अफीम, 376 ग्राम गांजा, 840 ग्राम डोडा पोस्त तथा 2.640 किलोग्राम गांजे के हरे पौधे बरामद किए गए। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!