400 गौमाताओं की सेवा के बीच होगा भव्य आयोजन, गौसेवकों से अधिकाधिक सहभागिता की अपील
उदयपुर। गुरु कमल चंद्र रोशन गोसेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में शिव शंकर गौशाला, कलड़वास में चतुर्थ ‘छप्पन भोग महोत्सव’ का भव्य आयोजन 23 अप्रैल 2026 को दोपहर 3:30 बजे से किया जाएगा।
संस्थापक संजय जैन ने बताया कि 108 गौशालाओं में 56 भोग अर्पण की श्रृंखला के अंतर्गत यह आयोजन विशेष महत्व रखता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अतिथि, गौसेवक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे और गौमाता की सेवा का पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।
उन्होंने उदयपुर के समस्त गौप्रेमियों एवं जीवदया के प्रति समर्पित नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने की अपील की है।
शहर की प्राचीन और सुव्यवस्थित गौशालाओं में शुमार शिव शंकर गौशाला में वर्तमान में लगभग 400 गौमाताओं की सेवा की जा रही है। महोत्सव के माध्यम से गौसेवा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और समाज को इस दिशा में प्रेरित करने का उद्देश्य रखा गया है।
आयोजन के ब्रांड एंबेसडर ‘राजस्थान गौरव’ डॉ. जिनेंद्र शास्त्री अपनी टीम के साथ सक्रिय रूप से इस सेवा कार्य में जुटे हुए हैं। उनका लक्ष्य उदयपुर को देशभर में ‘गौप्रेमी शहर’ के रूप में पहचान दिलाना है।
आयोजकों ने विश्वास जताया कि यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनेगा, बल्कि समाज में गौसेवा और जीवदया के संस्कारों को भी सुदृढ़ करेगा।
