उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर को अंतरराष्ट्रीय स्तर का कॉन्क्लेव हब बनाने की दिशा में बीसीआई उत्सव ने संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी को उदयपुर मंडपम की मांग के लिए ज्ञापन सौंपकर राज्य सरकार और संबंधित विभागों को प्रस्ताव भेजने का अनुरोध किया है।
बीसीआई के फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी ने बताया कि उदयपुर देश-विदेश के पर्यटकों, डेस्टिनेशन वेडिंग्स और कॉर्पोरेट इवेंट्स का प्रमुख केंद्र बन चुका है, लेकिन यहां अब तक विश्वस्तरीय एकीकृत कन्वेंशन सेंटर का अभाव है। ऐसे में भारत मंडपम एवं राजस्थान मंडपम की तर्ज पर उदयपुर मंडपम की स्थापना समय की आवश्यकता है।
बीसीआई उत्सव के अध्यक्ष संजीव पटवा ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से प्रस्ताव रखा गया है कि उदयपुर में आधुनिक और वैश्विक मानकों के अनुरूप कन्वेंशन सेंटर विकसित किया जाए। इसमें 5,000 से 10,000 लोगों की क्षमता वाला विशाल कन्वेंशन हॉल, मल्टी-लेवल एग्जीबिशन सेंटर, अत्याधुनिक ऑडिटोरियम और कॉन्फ्रेंस हॉल शामिल किए जाएं, ताकि बड़े स्तर के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय आयोजन आसानी से हो सकें।
सचिव हीना पथिक ने बताया कि स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजस्थान के हस्तशिल्प, हैंडलूम और एमएसएमई उत्पादों के लिए स्थायी प्रदर्शनी क्षेत्र विकसित करने का भी प्रस्ताव ज्ञापन में शामिल किया गया है, ताकि लोकल टू ग्लोबल की अवधारणा को मजबूती मिल सके।
बीसीआई उत्सव के महासचिव आलोक गुप्ता ने कहा कि इस प्रोजेक्ट में एआई आधारित सिस्टम, हाई-स्पीड इंटरनेट, डिजिटल एंट्री और लाइव स्ट्रीमिंग जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं को शामिल करने का सुझाव दिया गया है, जिससे यह केंद्र आधुनिक जरूरतों के अनुरूप तैयार हो सके।
