जनप्रतिनिधि-अधिकारी समन्वय से कार्य करते हुए दें विकास को गति – प्रभारी मंत्री श्री हेमन्त मीणा

प्रभारी मंत्री-प्रभारी सचिव ने ली जिला स्तरीय समीक्षा बैठक
उदयपुर, 19 मार्च। राजस्व एवं उपनिवेशन विभाग मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री हेमन्त मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के चहूंमुखी विकास के लिए कृत संकल्पित है। हाल ही प्रस्तुत राज्य बजट में भी सरकार ने प्रदेश भर में जनहित एवं विकास के ढेरों कामों की घोषणाएं की हैं। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को चाहिए कि वे समन्वय के साथ काम करते हुए इन घोषणाओं को धरातल पर साकार करें, ताकि आमजन को राहत की संकल्पना को मूर्त रूप दिया जा सके।

प्रभारी मंत्री श्री मीणा गुरूवार को जिला परिषद सभागार में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में पेट्रोलियम एवं खान विभाग के शासन सचिव व जिले के प्रभारी सचिव टी रविकान्त, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी, जिला कलक्टर नमित मेहता, पुलिस अधीक्षक अमृता दुहान, समाजसेवी गजपालसिंह राठौड़ व पुष्कर तेली भी मंचासीन रहे।

प्रभारी मंत्री श्री मीणा ने सभी को भारतीय नववर्ष की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आपसी सामंजस्य के साथ काम करने से विकास को गति मिलती है। अधिकारी जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर आमजन की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करें। प्रभारी मंत्री ने आगामी ग्रीष्म ऋतु के मद्देनजर जिले भर में पेयजल उपलब्धता को लेकर फीडबैक लिया। साथ ही अधिकारियों को अभी से ग्राउण्ड लेवल पर पड़ताल कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार के पास बजट की कोई कमी नहीं हैं। आमजन को पेयजल के साथ पशुओं के लिए भी चारे-पानी की माकूल व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की कौताही नहीं बरती जाए। उन्होंने जिले में एलपीजी वितरण के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस को लेकर किसी प्रकार का संकट नहीं है, फिर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है। जनप्रतिनिधि और अधिकारी आमजन को विश्वास दिलाएं तथा एलपीजी वितरण की सुचारू व्यवस्था को सुनिश्चित करें। उन्होंने पंच गौरव कार्यक्रम के तहत जिले में संचालित गतिविधियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री श्री मीणा एवं प्रभारी सचिव टी रविकान्त ने विभाग वार बजट घोषणाओं, फ्लैगशिप योजनाओं सहित अन्य जनकल्याणकारी कार्यों की बिन्दुवार जानकारी ली। उन्होंने बजट घोषणाओं को यथाशीघ्र धरातल पर क्रियान्वित कराने पर जोर दिया। जनप्रतिनिधियों ने विभाग वार समीक्षा के दौरान आमजन की समस्याओं, अपेक्षाओं तथा लंबित कार्यों को लेकर अधिकारियों से जवाब तलब किया। जिला कलक्टर नमित मेहता ने जिले में बजट घोषणाओं एवं फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। साथ ही जिले में लंबित एवं प्रगतिरत कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण कराने के लिए आश्वस्त किया।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन दीपेंद्रिंसह राठौड़, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, युडीए आयुक्त राहुल जैन, नगर निगम आयुक्त अभिषेक शर्मा, जिला परिषद सीईओ रिया डाबी, गिर्वा एसडीएम अवुला सांईकृष्ण सहित सभी विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!