देवास से पिछोला व फतहसागर में जल अपवर्तन 20 को

आमजन से सीसारमा नदी और नांदेश्वर के जल प्रवाह क्षेत्र से दूर रहने व सतर्कता बरतने की अपील
उदयपुर, 19 मार्च। बढ़ती गर्मी और शहर में पेयजल की मांग को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने अहम निर्णय लेते हुए 20 मार्च शुक्रवार को देवास परियोजना से पानी को पिछोला और फतहसागर झील में अपवर्तित किया जाएगा। इसके लिए विभाग ने आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। साथ ही सीसारमा नदी और नांदेश्वर में जल प्रवाह वाले क्षेत्रों में आमजन से सतर्कता बरतने की अपील की है।
अधिशासी अभियंता जल संसाधन ने बताया कि प्रशासन के निर्देशानुसार 17 मार्च 2026 को अधीक्षण अभियंता जल संसाधन तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के साथ समन्वय बैठक की गई। इसमें निर्णय लिया गया कि देवास प्रथम एवं द्वितीय के आकोदड़ा एवं मांडली बांध में उपलब्ध जल को शहर की प्रमुख झीलों पिछोला एवं फतहसागर में डाला जाएगा, ताकि गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से राहत मिल सके। जल अपवर्तन की प्रक्रिया 20 मार्च 2026 से शुरू की जाएगी। इसके तहत संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर तकनीकी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
प्रशासन ने इस दौरान प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। विशेष रूप से सीसारमा नदी और नांदेश्वर क्षेत्र के आसपास रहने वाले लोगों को जल प्रवाह के दौरान नदी-नालों से दूर रहने तथा मवेशियों को भी सुरक्षित स्थान पर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की जन-धन हानि से बचा जा सके।

मुख्य सचिव शुक्रवार को आएंगे
उदयपुर, 19 मार्च। राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव श्री वी.श्रीनिवास शुक्रवार एवं शनिवार को उदयपुर प्रवास पर रहेंगे। जिला कलक्टर नमित मेहता ने बताया कि मुख्य सचिव शुक्रवार शाम 6 बजे नाथद्वारा से उदयपुर पहुंचेंगे। उनका रात्रि विश्राम सर्किट हाउस उदयपुर में रहेगा। अगले दिन शनिवार को प्रातः 8 बजे रविन्द्र नाथ टैगोर मेडिकल कॉलेज का दौरा करेंगे और फैकल्टी सदस्यों के साथ संवाद करेंगे। प्रातः 9 बजे मुख्य सचिव आरएसएमएमएल ऑफिस पहुंच कर निरीक्षण करेंगे। इसके बाद 11 बजे आईआईएम उदयपुर पहुंचकर फैकल्टी के साथ संवाद करेंगे तथा संस्थान की गतिविधियों की जानकारी लेंगे। मुख्य सचिव 2 बजे उदयपुर से निम्बाहेडा के लिए प्रस्थान करेंगे।

न्यायमूर्ति श्री मनोज मिश्रा शुक्रवार को उदयपुर आएंगे
उदयपुर, 19 मार्च। सुप्रीम कोर्ट के माननीय न्यायाधीश जस्टिस मनोज मिश्रा दो दिवसीय उदयपुर प्रवास पर रहेंगे। वे शुक्रवार को सायं 7ः15 बजे वायुयान द्वारा दिल्ली से उदयपुर पहुंचेंगे। न्यायमूर्ति मिश्रा शनिवार को 10ः45 बजे राजसमन्द पहुंचकर श्रीनाथ जी मन्दिर में दर्शन करेंगे पश्चात पुनः उदयपुर पहुंचेंगे। वे अपरान्ह 3ः55 बजे उदयपुर से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

सीएमई संगोष्ठी 29 मार्च को 200 से अधिक चिकित्सकों के जुटने की संभावना
उदयपुर, 19 मार्च। मेडिसिन विभाग रविन्द्र नाथ टैगोर मेडिकल कॉलेज एवं एपेकॉन 86 ट्रस्ट के संयुक्त तत्वाधान में सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) का आयोजन 29 मार्च को आरएनटी मेडिकल कॉलेज के सभागार भवन में आयोजित किया जाएगा।
मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. ओ.पी. मीणा ने बताया कि उदयपुर संभाग के लगभग 200 वरिष्ठ चिकित्सकों के सम्मिलित होने की संभावना है। एपेकॉन 86 ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. बी.एस. बंसल ने बताया कि ऐसी सीएमई का आयोजन एक वर्ष में दो बार किया जाता है।संगोष्ठी के आयोजन सचिव डॉ. हेमलता के अनुसार उदयपुर के ख्यातिनाम चिकित्सक डॉ. भारती भूषण, उदयपुर के डॉ. कपिल गर्ग, डॉ. अनिल शेखावत, डॉ. नरेश सरीन एवं डॉ. कमलेश आहूजा विषय वस्तु पर विचार व्यक्त करेंगे।

संभाग स्तरीय पेंशन अदालत 27 अप्रैल को 25 मार्च तक दे सकेंगे परिवेदनाएं
उदयपुर 19, मार्च। वित्त विभाग एवं पेंशन विभाग की पहल पर आगामी 27 अप्रैल को संभाग स्तर पेंशन अदालत उदयपुर में आयोजित होगी। पेंशन अदालत के लिए परिवेदनाएं 25 मार्च तक व्यक्तिगत, डाक, ई-मेल से संबंधित जिले के जिला शिक्षा अधिकारी, कोषाधिकारी अथवा संभाग स्तरीय संयुक्त निदेशक शिक्षा कार्यालय उदयपुर तथा अतिरिक्त निदेशक कार्यालय पेंशन विभाग उदयपुर में प्रस्तुत की जा सकेंगी।
पेंशन विभाग की अति. निदेशक रूचि प्रियदर्शी ने बताया कि संभाग स्तरीय प्रथम पेंशन अदालत शिक्षा विभाग को समर्पित रहेगी। उन्होंने संभाग के सभी पेंशनर्स को आव्हान किया कि किसी भी स्तर की पेंशनर्स की समस्या हो, लिखित आवेदन मय दस्तावेजों के 25 मार्च 2026 तक अनिवार्य रूप से प्रस्तुत कर दें। इसके बाद आवेदन स्वीकार नहीं किये जायेंगे। समस्या किसी भी स्तर की हो, चाहे विभागीय अथवा पेंशन विभाग के स्तर लंबित हो, समाधान का पूर्ण प्रयास किया जायेगा। न्यायिक कार्यवाही, नीतिगत मामले एवं अनुशासनात्मक कार्यवाही के कारण लंबित प्रकरण इसमें शामिल नहीं होंगे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!