राजस्थान दिवस सप्ताह : जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों संग आमजन ने पिछोला झील किनारे की महाआरती

चेत्र प्रतिपदा की पूर्व संध्या पर मांझी घाट पर श्रद्धा और भक्ति का संगम
उदयपुर, 18 मार्च। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में मनाए जा रहे राजस्थान दिवस सप्ताह के तहत चेत्र प्रतिपदा की पूर्व संध्या पर बुधवार शाम पिछोला झील के किनारे स्थित मांझी का घाट पर भव्य महाआरती का आयोजन हुआ। जिला प्रशासन, उदयपुर विकास प्राधिकरण एवं देवस्थान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में आध्यात्मिक माहौल और दीपों की उजास से सजी संध्या ने उपस्थित जनसमूह को भक्ति भाव में सराबोर कर दिया।

उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी, जिला कलक्टर नमित मेहता, एडीएम शहर जितेंद्र ओझा, यूडीए सचिव हेमेंद्र नागर सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा आमजन बुधवार शाम को चांदपोल स्थित चारभुजाजी मंदिर के समीप मांझी घाट पर एकत्र हुए। यहां विधिविधान से पूजा अर्चना की गई। घाट पर दीपों की जगमगाहट, मंत्रोच्चार और धार्मिक संगीत ने वातावरण को दिव्य बना दिया। बड़ी संख्या में शहरवासियों और पर्यटकों ने इसमें भाग लेकर जनभागीदारी का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। सैकड़ों की संख्या में मौजूद लोगों ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ गंगा आरती की। इससे न केवल राजस्थान दिवस सप्ताह के उत्सव को नई ऊंचाई मिली, बल्कि उदयपुर की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा भी जीवंत हो उठी। कार्यक्रम में अतिरिक्त आयुक्त देवस्थान गितेशश्री मालवीय, सहायक आयुक्त देवस्थान जतिन गांधी, समाजसेवी रविन्द्र श्रीमाली,चंद्रगुप्तसिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा आमजन उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!