19 नौनिहालों को जैन विधि से किया संस्कारित
उदयपुर, 06 मार्च। जैन युवा परिषद एवं दिगम्बर जैन दशा नागदा समाज के संयुक्त तत्वावधान में गमेर बाग, उदयपुर में समाज के नवागंतुक 19 नौनिहालों का भव्य सामूहिक ढूंढोत्सव एवं स्वर्ण सीढ़ी आरोहण समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया।
जैन युवा परिषद के अध्यक्ष जितेंद्र जोलावत ने बताया कि सामूहिक होली ढूंढोत्सव-2026 का आयोजन बड़े उत्साह और भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर नवागंतुक बालक-बालिकाओं को पंडित हेमंत शास्त्री द्वारा जैन विधि से ढूंढ संस्कार कराया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों युवा एवं उनके परिवारजन शामिल हुए और ढूंढोत्सव का आनंद लिया।
उन्होंने बताया कि समाज में बच्चियों के जन्म पर विशेष खुशियां मनाने की परंपरा है। इस प्रकार के सामूहिक आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ-साथ कम खर्च में सामाजिक कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करने में सहायक होते हैं।
समाज के नवागंतुक नौनिहालों एवं उनके अभिभावकों का समाजजनों द्वारा पारंपरिक अंदाज में स्वागत-अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में स्नेहभोज, भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं स्वर्ण सीढ़ी आरोहण का भी आयोजन हुआ।
संस्था के सचिव भूपेन्द्र मुंडफोड़ा ने बताया कि इस अवसर पर समाजसेवी सेठ शांतिलाल-विमल-मुकेश गदावत, दिगम्बर जैन समाज के अध्यक्ष शांतिलाल वेलावत सहित समाज के वरिष्ठजनों ने बालक-बालिकाओं को आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन लोकेश जोलावत ने किया।
कार्यक्रम में हुवारी पापड़ी के साथ पीलिया की रोटी, सामूहिक ढूंढ संस्कार (जैन विधि द्वारा) तथा उसके पश्चात जैन डांडिया, रास एवं गरबा का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर संरक्षक राजेश गदावत, विक्रम देवड़ा, रवीश मुंडलिया, रितेश बोहरा, नितिन कोठारी, जितेश खलूड़िया, रितेश गुणावत, जितेश बोहरा, लोकेश देवड़ा, मुकेश गदावत, हितेश देवड़ा, कल्पेश मुंडलिया, विनोद गुणावत, दिलीप चावंडिया, पारस जोलावत, कमल देवड़ा, जितेंद्र पंचोली, भरत मालवी, कपिल भदावत, राकेश पंचोली, विपुल देवड़ा, अंकित देवड़ा, यशवंत कोठारी, सतीश जोलावत एवं अभिषेक देवड़ा सहित कार्यकारिणी सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर दशा नागदा समाज द्वारा सामूहिक भव्य स्वामीवात्सल्य का भी आयोजन किया गया।
दशा नागदा समाज का सामूहिक ढूंढोत्सव-2026 एवं स्वर्ण सीढ़ी आरोहण समारोह सम्पन्न
