बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल करेगा ऐतिहासिक शुरुआत, उद्यमियों को मिलेंगे इंटरनेशनल बिजनेसमैन डे अवॉर्ड
उदयपुर। विश्व में पहली बार देश के छोटे से लेकर बड़े व्यापारियों को सम्मान देने के उद्देश्य से बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) एक ऐतिहासिक शुरुआत करने जा रहा है। जिसके तहत आगामी 23 मार्च को भव्य स्तर पर इंटरनेशनल बिजनेसमैन डे का आयोजन किया जाएगा। साथ ही, इसी दिन प्रमुख उद्यमियों को इंटरनेशनल बिजनेसमैन डे अवॉर्ड भी प्रदान किया जाएगा।
बीसीआई के फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि व्यापारियों का कठिन परिश्रम और जोखिम लेने की क्षमता ही देश की जीडीपी की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने कहा कि उद्यमी राष्ट्र निर्माण के वे मौन सारथी हैं, जो न केवल निवेश लाते हैं बल्कि रोजगार के अनंत अवसर भी सृजित करते हैं। इसी भावना को सम्मान देने के लिए इस विशेष दिवस का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस विशेष दिन का उद्देश्य देश और दुनिया के उन उद्यमियों को सम्मानित करना है, जो अपनी मेहनत और नवाचार से राष्ट्र की अर्थव्यवस्था में रीढ़ की हड्डी की भूमिका निभाते हैं।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को आमंत्रण-मुकेश माधवानी ने बताया कि इस गरिमामयी समारोह के लिए माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। साथ ही, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होने का निवेदन भेजा गया है।
प्रमुख उद्यमियों का होगा सम्मान-कार्यक्रम के दौरान देश के आर्थिक विकास में अमूल्य योगदान देने वाले प्रमुख उद्यमियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। मुकेश माधवानी ने बताया कि बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल इस मंच के जरिए छोटे और बड़े, हर स्तर के व्यापारियों के संघर्ष और उनकी सफलता की गाथा को दुनिया के सामने लाना चाहता है। जिसके तहत उन्हें इंटरनेशनल बिजनेसमैन डे अवॉर्ड प्रदान किया जाएगा।
विश्व में पहली बार 23 मार्च को मनाया जाएगा इंटरनेशनल बिजनेसमैन डे, पीएम मोदी को दिया गया न्योता
