उदयपुर। सिंधी युवा संगठन की शक्ति नगर स्थित झूलेलाल भवन में आगामी कार्यक्रम कीतयारी के लिए बैठक रखी गई,
पूज्य श्री जैकबआबाद सिंधी पंचायत के तत्वावधान में सिंधी युवा संगठन, उदयपुर द्वारा समाजसेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए आगामी रविवार, 22 फरवरी को शक्ति नगर स्थित झूलेलाल भवन में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का समय प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
संगठन के उपाध्यक्ष संजय खथूरिया ने बताया कि इस विशेष निशुल्क मेडिकल कैंप में गीतांजलि हॉस्पिटल के अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। शिविर में डॉ. पंखुरी अग्रवाल (चर्म रोग विशेषज्ञ), डॉ. सौरव चट्टोपाध्याय (नस एवं मस्तिष्क रोग विशेषज्ञ), डॉ. गौरव छाबड़ा (फेफड़े एवं श्वास रोग विशेषज्ञ) तथा डॉ. दिव्यांक बांभरोलीया (जनरल मेडिसिन) द्वारा मरीजों का नि:शुल्क परामर्श किया जाएगा।, शिविर के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं पर विशेषज्ञ सलाह दी जाएगी तथा जरूरतमंदों को उचित मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। आयोजकों ने समाजजनों से अपील की है कि वे अपनी पुरानी मेडिकल रिपोर्ट्स साथ लेकर आएं, जिससे डॉक्टरों को सही परामर्श देने में सुविधा हो सके।
सिंधी युवा संगठन के उपाध्यक्ष निखिल कटारिया एवं समस्त कार्यकारिणी ने समाज के सभी वर्गों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर इस शिविर का लाभ उठाने का आग्रह किया है। साथ ही इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों एवं व्हाट्सएप ग्रुप्स में साझा करने की अपील की गई है, ताकि जरूरतमंद तक जानकारी पहुंच सके।
इसी दिन प्रातः 11:30 बजे झूलेलाल भवन, शक्ति नगर में चेटीचंड महोत्सव की तैयारियों को लेकर संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की जाएगी। बैठक में सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है। समय की पाबंदी पर विशेष जोर देते हुए पदाधिकारियों से कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सक्रिय सहयोग का आह्वान किया गया है।
सिंधी युवा संगठन द्वारा सामाजिक, धार्मिक एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के माध्यम से समाजहित में निरंतर कार्य किया जा रहा है, जिसकी समाजजनों ने सराहना की है।
