उदयपुर। भूपालपुरा स्थित पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर विशेष एवं भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। पर्व को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
सेवा समिति के अध्यक्ष राजकुमार नेनानी ने जानकारी देते हुए बताया कि महाशिवरात्रि के दिन प्रातः 5 बजे भगवान महादेव का विधिवत अभिषेक, पूजन एवं रुद्राभिषेक किया जाएगा। प्रातःकालीन पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर में भक्तों के लिए विशेष दर्शन की व्यवस्था रहेगी।
समिति के संरक्षक राजेश खत्री ने बताया कि दिनभर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं शर्बत वितरण की व्यवस्था की जाएगी, जिससे अधिक से अधिक भक्तजन इस पुण्य अवसर का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि भगवान शिव के प्रति आस्था, श्रद्धा और समर्पण का पर्व है, जिसे मंदिर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाएगा, संध्या समय मंदिर परिसर में 1008 दीपक प्रज्वलित कर भव्य दीपमालिका सजाई जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी। दीपों की रोशनी से पूरा मंदिर परिसर आलोकित हो उठेगा और वातावरण भक्तिमय हो जाएगा।
रात्रि 8 बजे महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से आयोजन में भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।
