रामा स्थित प्रेरणा अधिश्री पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री जगदीश राज श्रीमाली (प्रदेश अध्यक्ष, इंटर राजस्थान) एवं संस्थान अध्यक्ष श्री कन्हैयालाल शर्मा रहे। इस अवसर पर ग्राम रामा के उपसरपंच श्री सुरेश रावल तथा श्री श्याम जी जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत गणेश वंदना के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों एवं विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक एवं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। नर्सरी कक्षा के बच्चों ने ‘बम-बम भोले’ पर नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कक्षा प्रथम के विद्यार्थियों ने ‘ठरकी छोकरो’ नृत्य की प्रस्तुति दी तथा कक्षा के विद्यार्थियों ने ‘इत्ती सी हंसी’ गीत पर सुंदर प्रस्तुति दी। कक्षा द्वितीय के विद्यार्थियों ने राजस्थानी लोक संस्कृति को दर्शाते हुए पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में कक्षा 6 के विद्यार्थियों ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह के जीवन पर आधारित प्रेरणादायक नाट्य प्रस्तुति दी, वहीं कक्षा 7 एवं 8 के विद्यार्थियों ने रामायण पर आधारित नाट्य मंचन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों द्वारा आर्मी एक्ट, ‘दिल है छोटा सा’ एवं माँ पर आधारित भावनात्मक गीत की प्रस्तुति भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के स्काउट एवं गाइड के बालकों द्वारा आपदा प्रबंधन से संबंधित प्रभावी प्रदर्शन किया गया तथा बालिकाओं द्वारा आत्मरक्षा हेतु मार्शल आर्ट का शानदार प्रदर्शन प्रस्तुत कर समाज को जागरूक करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विद्यालय निदेशक श्री सी.पी. रावल ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने वर्तमान समय में बच्चों को अनुशासित रखने एवं उनके सर्वांगीण विकास हेतु आवश्यक सावधानियों एवं जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला।
संस्था प्रधान श्रीमती अनुसूया रावल ने अभिभावकों को वार्षिकोत्सव एवं अन्य गतिविधियों में बच्चों को बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को मंच मिलता है और उनका आत्मविश्वास बढ़ता है।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती गायत्री राव एवं सुश्री मानसी कुमावत द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रधानाध्यपिक श्रीमती सुमन राणा द्वारा उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया।
