जयपुर 04 फरवरी। बारां जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नशा-विनाश के तहत अन्ता थाना पुलिस ने नशे के सौदागरों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में स्मैक और नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अंदासु ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी व वृत्ताधिकारी पुष्पेन्द्र आढा के निर्देशन में थानाधिकारी मांगीलाल मय जाप्ता गश्त पर थे। बड़गांव रोड पर झाड़ियों के पीछे संदिग्ध अवस्था में बैठे दो भाई, लेखराज और सुरेंद्र मीणा पुलिस को देखकर भागने लगे। घेराबंदी कर जब इन्हें दबोचा गया, तो इनके पास से 19.78 ग्राम स्मैक, एविल औषधि के 70 इंजेक्शन, सिरिंज और तस्करी में प्रयुक्त 3 मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।
मुख्य सप्लायर विक्की भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे यह माल अन्ता निवासी विशाल गोचर उर्फ विक्की से लेकर आए थे। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए विक्की को भी डिटेन किया, जिसके पास से 142.57 ग्राम स्मैक दो मोबाइल, एक बाइक व स्कूटी बरामद हुई।
शातिर है आरोपी लेखराज
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी लेखराज मीणा एक आदतन अपराधी है। उसके विरुद्ध पूर्व में हत्या, हत्या के प्रयास और मारपीट जैसे करीब 9 गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। ये आरोपी मासूम बच्चों और ग्रामीणों को नशे के जाल में फंसाते थे और स्मैक न होने पर घातक इंजेक्शन की सप्लाई करते थे।
इस सफल कार्यवाही में थानाधिकारी अन्ता मांगीलाल सुमन, मांगरोल थानाधिकारी विनोद कुमार के साथ जिला विशेष टीम के कार्मिक शामिल थे। पुलिस अब तस्करों के नेटवर्क की गहराई तक जाने के लिए आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि जिले से नशे की जड़ को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
ऑपरेशन नशा-विनाश: अन्ता पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 35 लाख की स्मैक के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार
• तस्करी में प्रयुक्त चार मोटरसाइकिल एवं एक स्कूटी तथा चार मोबाइल जब्त
