उदयपुर में बीसीआई मास्टर क्लास का ऐतिहासिक आयोजन: वैश्विक व्यापार के केंद्र के रूप में उभरेगा झीलों का शहर

रिटेल एक्सीलेंस अवार्ड्स के जरिए श्रेष्ठ उद्यमियों को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय पहचान, मुकेश माधवानी ने साझा किया उदयपुर को ‘करोड़पतियों का शहर’ बनाने का विजन

उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर में बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) द्वारा आयोजित मास्टर क्लास ने शहर के व्यापारिक इतिहास में एक नया और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ा। अशोका ग्रीन के प्रांगण में सोमवार शाम 6.30 बजे प्रारंभ हुए इस विशेष आयोजन ने उदयपुर को वैश्विक व्यापार के केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में मजबूत संदेश दिया। लगभग तीन घंटे तक चले इस कार्यक्रम में 300 से अधिक स्टार्टअप फाउंडर्स, उद्यमी, रिटेलर्स, रियल एस्टेट प्रोफेशनल्स और कॉरपोरेट क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य बिजनेस नेटवर्किंग, ग्रोथ स्ट्रेटेजी और बिजनेस डेवलपमेंट से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान करना रहा, जिससे स्थानीय उद्यमियों और व्यवसायियों को अपने कारोबार के विस्तार में सीधा लाभ मिल सके।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीसीआई के चेयरमैन और फाउंडर मुकेश माधवानी ने उदयपुर के लिए एक दूरदर्शी विजन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि उदयपुर ने अब तक पर्यटन और मार्बल उद्योग में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है, लेकिन आने वाले समय में यह शहर ग्लोबल बिजनेस नेटवर्किंग के माध्यम से नए अवसरों का केंद्र बन सकता है। माधवानी ने कहा कि बीसीआई का लक्ष्य उदयपुर को ‘सिटी ऑफ लेक्स’ के साथ-साथ ‘सिटी ऑफ मिलियनेयर्स’ के रूप में एक नई पहचान दिलाना है, जहाँ से अंतरराष्ट्रीय स्तर के उद्यमी उभरें।

मास्टर क्लास के प्रमुख तकनीकी सत्र को बीसीआई के ग्लोबल मैनेजिंग डायरेक्टर आरिफ शेख ने संबोधित किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार छोटे और मध्यम व्यवसाय सही स्ट्रक्चर, डेटा और रणनीति के माध्यम से तेजी से स्केल कर सकते हैं। उन्होंने रियल मार्केट के अनुभवों और केस स्टडीज़ के माध्यम से ग्लोबल लेवल पर बिजनेस ग्रोथ के व्यावहारिक फॉर्मूले साझा किए।

कार्यक्रम में बीसीआई के अंतरराष्ट्रीय पदाधिकारियों ने भी वर्चुअल माध्यम से अपने विचार साझा किए। यूके से बीसीआई की प्रेसिडेंट स्टेफी फर्नांडिस ने यूरोपियन मार्केट में भारतीय व्यवसायों के अवसरों पर प्रकाश डाला। यूएई से बीसीआई के प्रेसिडेंट मोहम्मद हसीब ने मिडिल ईस्ट में निवेश और नेटवर्किंग की संभावनाओं को रेखांकित किया, जबकि अफ्रीका क्षेत्र के बिजनेस एवं इन्वेस्टमेंट विशेषज्ञ राजीव रंजन ने अफ्रीकी बाजारों में उदयपुर के उद्यमियों के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।

मास्टर क्लास के दौरान बीसीआई ने अपनी आगामी महत्वाकांक्षी योजना ‘बीसीआई रिटेल एक्सीलेंस अवार्ड 2025’ की घोषणा भी की। इस अवार्ड के माध्यम से उन रिटेलर्स, ब्रांड्स और वेंडर्स को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने गुणवत्ता, नवाचार और सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया है। यह आयोजन रिटेल वेंडर्स मीट के साथ आयोजित किया जाएगा, जिससे स्थानीय व्यापारियों को बड़े स्तर पर नेटवर्किंग और ग्रोथ के अवसर मिल सकें।

बीसीआई द्वारा उदयपुर के बिजनेस इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए तीन प्रमुख पहलों की जानकारी भी दी गई, जिनमें बीसीआई रिटेल एक्सीलेंस अवार्ड, उद्यमियों के लिए बीसीआई वन डे एमबीए और रियल एस्टेट सेक्टर में पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए बीसीआई गोल्ड सील शामिल हैं।

कार्यक्रम में बीसीआई इंडिया टीम की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। बीसीआई चार्टर के प्रेसिडेंट देवेंद्र सिंह करीर, बीसीआई चैप्टर 3 के प्रेसिडेंट अंशुल मोगरा, बीसीआई एजुकेशन के प्रेसिडेंट राहुल बड़ाला और बीसीआई चार्टर की सेक्रेट्री अमृता बोकड़िया ने मंच से स्थानीय उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए विस्तृत रोडमैप साझा किया।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित प्रतिभागियों ने कहा कि बीसीआई मास्टर क्लास ने उदयपुर की बिजनेस कम्युनिटी को नई सोच, नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान की है। अंत में सभी वक्ताओं, अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!