27 सितंबर को उदयपुर में होगा विशाल सिंधी सांस्कृतिक कार्यक्रम

-उपमुख्यमंत्री दिव्या कुमारी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों के आने की संभावना, आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी खास आकर्षण

उदयपुर। कला एवं संस्कृति विभाग, राजस्थान सरकार के निर्देशन में राजस्थान सिंधी अकादमी, झूलेलाल सिंधी सेंट्रल पंचायत और शहीद हेमू कालानी युवा मंच के संयुक्त तत्वावधान में उदयपुर में 27 सितंबर, शनिवार शाम 6 बजे एक भव्य सिंधी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन टाउन हॉल स्थित सुखाड़िया रंगमंच पर संपन्न होगा।
विशिष्ट अतिथि होंगे शामिल : कार्यक्रम संयोजक राजेश खत्री ने जानकारी दी कि इस अवसर पर प्रदेश व शहर की कई प्रमुख हस्तियां आमंत्रित की गई हैं। इनमें राज्यसभा सांसद चन्नीलाल गरासिया, शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरामानी, पूर्व राज्य मंत्री हरीश राजानी और झूलेलाल सिंधी सेंट्रल पंचायत अध्यक्ष प्रतापराय चुग प्रमुख रूप से शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिव्या कुमारी के आने की भी पूरी संभावना है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी आकर्षण का केंद्र : सिंधी सेंट्रल पंचायत महासचिव कैलाश नेभनानी ने बताया कि अहमदाबाद की विजन सिंधु चिल्ड्रन अकादमी के 25 कलाकार अपनी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। यह प्रस्तुतियां सिंधी समाज की समृद्ध कला, संस्कृति और परंपराओं की झलक पेश करेंगी।
निःशुल्क प्रवेश और समाज की सहभागिता : डॉ. रजनीश हर्ष (सचिव, राजस्थान सिंधी अकादमी) ने बताया कि कार्यक्रम के पास सिन्धी समाज के सभी भवनों पर निःशुल्क उपलब्ध रहेंगे। किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं रखा गया है। शहर की सभी सिंधी पंचायतों और युवा संगठनों को विशेष निमंत्रण भेजा गया है, ताकि अधिकतम संख्या में लोग इस कार्यक्रम का हिस्सा बन सकें।
समाज में उत्साह : कार्यक्रम को लेकर समाज के लोगों में विशेष उत्साह है। आयोजकों का मानना है कि यह आयोजन सिंधी समाज की सांस्कृतिक धरोहर को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और समाज में एकता एवं सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करेगा।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!