खेरवाड़ा, उपखंड नयागांव के पहाडा थाना क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक कार्यालय उदयपुर में दर्ज कराए गए परिवाद के अनुसार दहेज प्रताड़ना एवं मारपीट का प्रकरण दर्ज किया गया। बबीता देवी पत्नी कांतिलाल कलासुआ मीणा निवासी गुड़ा तहसील नयागांव हाल निवास पिता का घर मगनलाल परमार निवासी चांदपुरा नरेना ने परिवाद प्रस्तुत किया कि उसका पति कांतिलाल पुत्र मगनलाल कलासुआ एवं उसका ससुर मगनलाल कलासुआ निवासी गुड़ा द्वारा अवैध रूप से दहेज की मांग करते हुए उसके साथ शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना दी जाकर आए दिन मारपीट कर जलील किया जा रहा है। मजबूरन उसे अपने पीहर में रहना पड़ रहा है। थानाधिकारी उम्मेदी लाल ने बताया कि दिए गए परिवाद के आधार पर दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर स्वयं थाना अधिकारी द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
संस्कृत श्लोक व गीत प्रतियोगिता आयोजित
खेरवाड़ा, विद्या भारती संस्थान उदयपुर द्वारा संचालित विद्या निकेतन माध्यमिक विद्यालय खेरवाड़ा में चित्तौड़ प्रांत की योजना अनुसार 1 अगस्त से 8 अगस्त तक संस्कृत सप्ताह मनाया जा रहा है। प्रभारी निशा व्यास ने बताया की प्रतिदिन विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। जिसके तहत श्लोक व शनिवारीय बालसभा में संस्कृत गीत वार्तालाप प्रतियोगिता रखी गई। जिसमें कक्षा 6 से 10 तक के भैया बहनों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नवनीत कुमार श्रीमाली ने की। उन्होंने संस्कृत भाषा के विषय पर प्रकाश डाला और बताया कि संस्कृत सरल भाषा है,कठिन नहीं है। देवताओं की वेदों की भाषा है व सभी भाषाओं की जननी है। प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आचार्य हरीश जैन , दिलीप मेहता , मुकेश, जगदीश मीणा, बंसीलाल मेघवाल उपस्थित रहे।
