सीएम को हटाने का कोई षडयंत्र नहीं, सत्ता और संगठन में है बेहतर तालमेल: राठौड़

-राजेश वर्मा
उदयपुर, 26 जून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रदेश के सीएम भजनलाल शर्मा को हटाने के लिए कोई षडयंत्र नहीं चल रहा है। सत्ता और संगठन में बेहतर तालमेल है। प्रदेश में डबल इंजन की सरकार अच्छा काम कर रही है।

उन्होंने गुरुवार को नगर निगम के सभागार में पत्रकारों से बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा के बयानों पर यह जवाब देते हुए कहा कि डोटासरा को उनके शिक्षा मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष रहने तक का समय याद आ रहा है। भाजपा में ऐसा कुछ नहीं है जैसा वे बोल रहे हैं। सत्ता और संगठन दोनों में तालमेल है। कोई संघर्ष नहीं चल रहा। प्रदेश में कानून व्यवस्था भी अच्छी है। सरकार कानून की पालना करा रही है। राठौड़ ने कहा कि डोटासरा खुद में नहीं झांकते और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत लोकतंत्र के हत्यारों के समर्थन में बोल रहे हैं।

सत्ता कोई भी राजनीतिक दल चलाए, जनता को पूरी स्वतंत्रा मिले: अग्रवाल

भाजपा प्रदेश प्रभारी राधा मोहनदास अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र में नागरिक अपने अधिकारों की रक्षा करना समझे। सरकार भले भाजपा या अन्य राजनीतिक दल चलाए, जनता को पूरी स्वतंत्रता मिलनी चाहिए। सरकार से कोई प्रभावित होता है तो न्यायालय में अपनी बात रख सके। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मोदी सरकार में लोकतंत्र की हत्या होने संबंधी बयान पर उन्होंने कटाक्ष किया 900 चूहे खा बिल्ली हज को चली। उन्होंने कहा कि इमरजेंसी में लोकतंत्र की हत्या हुई। 1977 में इमरजेंसी लगाकर नागरिकों के सारे अधिकार छिन लिए गए थे। अखबार बंद करा दिए गए। पराधीनता का दौर आया। इंदिरा गांधी और हिटलर में कोई अंतर नहीं रहा। जनता ने अपनी पीड़ा का अहसास किया। 19 माह जेल में पड़े रहे। संजय गांधी ने अदालत में 200 चैम्बर तोड़ दिए। अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र में जब भी कोई राजनीतिक दल खिलवाड़ करता है तो जनता को जागरुक होना चाहिए। जनता अपने अधिकारों के प्रति सचेत रहें। प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, सांसद डॉ मन्नालाल रावत, जिला प्रभारी बंशीलाल खटीक, भाजपा शहर अध्यक्ष गजपालसिंह राठौड़, देहात अध्यक्ष पुष्कर तेली, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रमोद सामर, पूर्व उपमहापौर पारस सिंघवी आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!