जल संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा
उदयपुर, 20 मार्च। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना-2.0 के तहत जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण के उद्देश्य से देशभर में चलाई जा रही जलग्रहण यात्रा 21 मार्च को उदयपुर जिले के पंचायत समिति वल्लभनगर में प्रवेश करेगी। यह यात्रा राजस्थान के 27 जिलों के 110 ब्लॉकों में जल संरक्षण और मृदा संरक्षण का संदेश प्रसारित कर रही है। यह यात्रा 21 मार्च को उदयपुर जिले के पंचायत समिति वल्लभनगर की ग्राम पंचायत मोडी, 22 मार्च को पंचायत समिति भीण्डर की ग्राम पंचायत बग्गड एवं 23 मार्च को पंचायत समिति कुराबड की ग्राम पंचायत करगेट में निकाली जायेगी।
अतिरिक्त मुख्य अभियंता एवं वाटरषेड उदयपुर के परियोजना प्रबंधक अतुल जैन ने बताया कि प्रधानमंत्री कृषि योजना-2.0 अन्तर्गत जल संरक्षण को बढ़ावा देने एवं जलग्रहण विकास के प्रति जागरूकता फैलाने के लिये जिले के परियोजना क्षेत्र भीण्डर, वल्लभनगर व कुराबड में जलग्रहण यात्रा-2025 का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा 21 मार्च से 23 मार्च तक विभिन्न ग्राम पंचायतों और सामुदायिक स्थलों पर आयोजित होगी जिला प्रषासन एवं जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग के इस कार्यक्रम का उद्देष्य ग्रामीण क्षेत्रों में जल संसाधनों के सत्तत विकास को सुनिष्चित करना एवं चारागाह विकास कार्यो को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के दौरान जल एवं भू-संरक्षण जागरूकता के लिए नुक्कड नाटक, कठपुतली, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भू एवं जल संरक्षण की शपथ, जल संरक्षण एवं पर्यावरण सुधार के लिये विद्यालयों में निबन्ध, चित्रकला व प्रभातफेरी आयोजित की जा रही है। विजेता छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम के दौरान प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया जायेगा। विभिन्न स्थलों पर पौधारोपण, श्रमदान एवं पूर्ण कार्यो का जनप्रतिनिधिगण द्वारा लोकार्पण किया जायेगा।कार्यक्रम में भाग लेने वाले सदस्यों को टी-शर्ट, कीरिंग, स्थानीय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले जलग्रहण योद्वा/मार्गदर्शक को भी पुरस्कृत किया जायेगा। महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली जायेगी। राज्य स्तरीय जलग्रहण यात्रा इसके उपरान्त राजसमंद जिले में प्रवेश करेगी।
जयसमंद में दिया जल संरक्षण का संदेश
जल ग्रहण यात्रा गुरुवार को पंचायत समिति जयसमंद में आयोजित हुई। यहां आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला परिषद सदस्य लक्ष्मण लाल मीणा ने जल संरक्षण का महत्व बताया। मुख्य अतिथि विकास अधिकारी दयाचंद यादव तथा विशिष्ट अतिथि सलूंबर के अधीक्षण अभियंता कैलाश चंद जागेटिया, अधिशासी अभियंता रतन सिंह भाटी ने भी यात्रा के बारे में जानकारी दी। जागेटिया ने जल ग्रहण यात्रा का उद्देश्य बताते हुए जल संरक्षण का संदेष दिया। इस अवसर पर जलग्रहण एवं भू संरक्षण विभाग जयसमंद के प्रभुलाल लबाना, जितेंद्र सिंह, पीयूष मेहता, प्रकाश परमार आदि उपस्थित रहे।
राज्य स्तरीय जलग्रहण यात्रा 21 मार्च को जिले में करेगी प्रवेश
