जमीन हड़पने की नीयत से किसान पर हमला

उदयपुर, 5 मार्च : जिले के झामरकोटड़ा क्षेत्र में जमीन पर कब्जा करने की नीयत से एक किसान के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। पीड़ित भैरूलाल मीणा ने कुराबड़ थाना पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसने 2016 में कृषि भूमि खरीदी थी, जिस पर कुछ लोग जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। 7 जनवरी को विरोध करने पर आरोपियों ने जातिसूचक गालियां दीं और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। किसी तरह जान बचाकर भागे किसान ने अब रिपोर्ट दर्ज करवाई है। कुराबड़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मजदूरी के बहाने अगवा कर किशोर के साथ मारपीट
उदयपुर, 5 मार्च : जिले के सायरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मजदूरी का झांसा देकर किशोर को अगवा कर मारपीट करने और पैर तोड़कर गांव के बाहर फेंकने का मामला सामने आया है। पीड़ित मन्नाराम ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे गोपाल को रिश्तेदार अंबालाल बहला-फुसलाकर ले गया और तीन महीने तक बंधक बनाकर रखा। विरोध करने पर उसके साथ बुरी तरह मारपीट कर एक पैर तोड़ दिया और 18 जनवरी को गांव के बाहर छोड़ दिया। आरोपी परिवार को धमका भी रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रिहायशी इलाके में कारों के शीशे फोड़े
उदयपुर, 5 मार्च : शहर के प्रतापनगर इलाके में अज्ञात बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी कारों के शीशे फोड़ दिए। पीड़ित मनीष बंशीवाल और राहुल वीरवाल ने बताया कि यह पांचवी बार है जब उनकी गाड़ियों को निशाना बनाया गया। बदमाशों ने पहले 27 अक्टूबर को और फिर 4 मार्च की रात को पत्थर मारकर गाड़ियों के कांच तोड़ दिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

होटल परिसर के पास मिला लावारिस नवजात
उदयपुर, 5 मार्च : शहर के अंबामाता थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक नवजात को अज्ञात महिला द्वारा होटल के पास छोड़ने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार शोर्यगढ़ होटल के पास एक जीवित नवजात मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। होटल कर्मचारियों की मदद से शिशु को एमबी अस्पताल के बाल चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस का मानना है कि बच्चे को जन्म छुपाने के लिए वहां छोड़ा गया होगा। अंबामाता थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सूने मकान में चोरी, नकदी व जेवरात ले उड़े चोर
उदयपुर, 5 मार्च : शहर के तितरड़ी क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर चोर लाखों की नकदी और जेवरात ले उड़े। पीड़ित अरविंद कुमार ने पुलिस को बताया कि 3 मार्च की रात अज्ञात बदमाश सीसीटीवी फुटेज में गेट कूदकर अंदर घुसते दिखे। चोरों ने घर के दरवाजे व अलमारी के ताले तोड़कर 1.70 लाख नकद, सोने की चेन, मंगलसूत्र और दो अंगूठियां चोरी कर लीं। घटना के समय पीड़ित अपने पैतृक गांव गया हुआ था। सवीना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कमरे का ताला तोड़कर चोर ले गए चांदी के जेवर
उदयपुर, 5 मार्च : कुराबड़ क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़िता कैलाशी बाई ने बताया कि 26 जनवरी की रात वह और उसकी बेटी पास के छप्पर में सो रही थीं। सुबह उठने पर कमरे का ताला टूटा मिला। आसपास खोजबीन करने पर स्कूल के पास टूटी पेटी मिली, जिसमें से डेढ़ किलो चांदी के कंदोरे, साकली, पायजब, डंक, फोलरिया और 10 हजार रुपये चोरी हो चुके थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!