राजपूत महासभा संस्थान का सामूहिक विवाह बसंत पंचमी पर, वधू पक्ष से शगुन के तौर पर लेंगे सिर्फ एक रूपया

उदयपुर, 15 दिसम्बर। राजपूत महासभा संस्थान उदयपुर संभाग की कार्यकारिणी की बैठक रविवार को रावजी का हाटा स्थित समाज भवन में सम्पन्न हुई, जिसमें आगामी बसंत पंचमी 2 फरवरी 2025 को समाज का 26वां सामूहिक विवाह कराने का निर्णय लिया गया।
सचिव हितेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि समाज भवन में सम्पन्न हुई बैठक समाज अध्यक्ष संत सिंह भाटी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सर्वसम्मति से समाज का 26 वां सामूहिक विवाह बसंत पंचमी पर करने करने का निर्णय लिया गया। अध्यक्ष संत सिंह भाटी ने कहा कि इस बार का सामूहिक विवाह काफी नवीनता लिए हुए होगा, जिसमें वधू पक्ष से शगुन के तौर पर केवल एक रूपया लिया जाएगा जबकि वर पक्ष की ओर से 21 हजार रूपये की राशि निर्धारित की गई है। समाज का सामूहिक विवाह श्री हेमराज राष्ट्रीय व्यायामशाला में सम्पन्न होगा। महासचिव प्रदीप सिंह भाटी ने बताया कि सामूहिक विवाह के सफल आयोजन हेतु विभिन्न समितियों का शीघ्र ही गठन कर कार्य प्रारम्भ कर दिया जाएगा। बैठक में महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्षा रेखा चूंडावत ने कहा कि उनके नेतृत्व में समाज की महिलाओं की एक विशेष टीम गठित की जाएगी जो व्यापक जन-सम्पर्क कर अधिक से अधिक जोड़ों को भाग लेने हेतु जागरूक करेगी। इसके साथ ही गणपति स्थापना, कलश स्थापना एवं सांस्कृतिक समारोह का आयोजन महिला प्रकोष्ठ द्वारा किया जाएगा। सचिव हितेन्द्र सिंह ने बताया कि संस्थान द्वारा अधिक से अधिक जोड़े विवाह बंधन में बंधे इस हेतु शीघ्र ही रजिस्ट्रेशन का कार्य प्रारम्भ कर दिया जाएगा साथ ही एक हेल्पलाइन नम्बर भी शीघ्र जारी किया जाएगा जिससे कोई भी व्यक्ति कभी भी किसी भी समय सम्पर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकेगा। बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष जय सिंह पंवार, संगठन मंत्री लोकराज सिंह चौहान, प्रदीप सिंह तंवर, रतन सिंह राणावत, प्रभात सिंह तंवर, मनोहर सिंह झाला, सुरेन्द्र सिंह खींची, सपना देवड़ा, टीना सांखला, मनीषा राठौड़, भानु सौलंकी, उप प्रचार-प्रसार सचिव नरेन्द्र सिंह सौलंकी, उप सांस्कृतिक एवं साहित्यिक मंत्री करण सिंह राठौड़ सहित कई पदाधिकारी बैठक में मौजूद थे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!