शिक्षा में उच्च गुणवत्ता लाने के लिए अनुसंधान व नवाचार पर फोकस जरूरी-प्रो. सुनीता मिश्रा

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

मीरा गर्ल्स कॉलेज में उच्च शिक्षा में गुणवत्ता विषयक व्याख्यान
उदयपुर 9 सितंबर। मीरा कन्या महाविद्यालय में सोमवार को साहित्यिक समिति के तत्वावधान में ’उच्च शिक्षा में गुणवत्ता का महत्व : हमारा दृष्टिकोण’ विषय पर व्याख्यान का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो.सुनीता मिश्रा ने उच्च शिक्षा में गुणवत्ता लाने के लिए सामाजिक जागरूकता, नेतृत्व क्षमता एवं प्रबंधन जैसे गुणों को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा में उच्च गुणवत्ता लाने के लिए हमें अनुसंधान व नवाचार पर फोकस करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा रोजगारपरक हो, उसमें आधुनिकीकरण हो लेकिन उसकी जड़े भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति से भी जुड़ी होनी चाहिए।
महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. दीपक माहेश्वरी ने अध्यक्षीय उद्बोधन में शिक्षा को सबसे ताकतवर हथियार की संज्ञा देते हुए छात्राओं को उसके माध्यम से अपने व्यक्तित्व में निखार लाने की प्रेरणा दी। समिति प्रभारी प्रो. शिवे शर्मा ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थी जीवन में उच्च शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अंतिम कड़ी में ‘स्वाधीनता का अर्थ’ और ‘आत्म अनुशासन का महत्व’ विषयक निबंध प्रतियोगिता में विजेता रहीं चंचल राणावत, विनीता शर्मा, मुस्कान धाकड़, सैयद फातिमा अली, वर्षा सालवी, लक्षिता चावला, नेहा वनवाला एवं झील फुलवरिया को अतिथियों ने पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में साहित्यिक समिति की सदस्य डॉ. सविता वर्डिया, डॉ मधुबाला सांखला, डॉ सोफिया नलवाया, डॉ. मृणालिनी पारीक, डॉ पायल बडाला एवं अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. श्रुति टंडन एवं डॉ. इंदु अरोड़ा ने किया जबकि आभार प्रो. अंजना झा ने जताया।

मीरा गर्ल्स कॉलेज में बीबीए व बीसीए कोर्सेज शुरू, आवेदन 17 तक
उदयपुर 9 सितंबर। मीरा कन्या महाविद्यालय उदयपुर में इसी सत्र से बीबीए व बीसीए कोर्सेज को प्रारंभ किया गया है, जिसकी प्रवेश तिथि 17 सितंबर तक बढ़ा दी गई है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दीपक माहेश्वरी ने बताया कि इसके लिए छात्राओं को मात्र राजकीय फीस का भुगतान करना होगा। छात्राएं महाविद्यालय की वेबसाइट से कॉमन एडमिशन फॉर्म डाउनलोड करके 17 सितंबर तक महाविद्यालय आवश्यक दस्तावेजों के साथ फार्म जमा करवा कर इन कोर्सेस में प्रवेश प्राप्त कर सकती हैं। प्राचार्य ने बताया कि किसी सरकारी कॉलेज में बीबीए बीसीए जैसे प्रोग्राम पहली बार करवाए जा रहे हैं जिसमें किसी भी विषय में 12वीं पास छात्राएं प्रवेश ले सकती है। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद एवं मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित मानदंडों के अनुसार सम्पन्न होगी। इस संबंध में अधिक जानकारी महाविद्यालय के हेल्पलाइन नंबर 9358891956 पर कार्यालय समय में भी प्राप्त की जा सकती है। प्राचार्य ने बताया कि राज्य सरकार की इस सराहनीय पहल से स्थानीय छात्राओं के साथ-साथ आसपास की ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राएं को भी राजकीय फीस में इन पाठ्यक्रमों का अध्ययन कर निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने के सुअवसर उपलब्ध होंगे।

डाइट में कलस्टर प्रशिक्षण आज
उदयपुर, 9 सितंबर। डाइट में एक दिवसीय ‘कलस्टर (संकुल) प्रशिक्षण हेतु सन्दर्भ व्यक्तियों का क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण‘ मंगलवार को सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा। यह प्रशिक्षण डाइट वार्षिक पंचांग सत्र 2024-25 की कार्ययोजना में योजना एवं प्रबंधन प्रभाग की अनुमोदित कार्यक्रम गतिविधि के तहत बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान के सन्दर्भ में प्रभागाध्यक्ष डॉ. मृदुला तिवारी के संयोजन में आयोजित होगा। इस प्रशिक्षण में जिले के सभी 20 ब्लॉक्स से चयनित 40 केआरपी भाग लेंगे।
इसी प्रकार डिजिटल लर्निंग अवेयरनेस संबंधी दो दिवसीय प्रशिक्षण डाइट के शैक्षिक प्रौद्योगिकी प्रभाग द्वारा प्रभागाध्यक्ष बीना कंवर राजपूत के संयोजन में 10 व 11 सितंबर को आयोजित होगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!