उदयपुर जिले भर में उत्सवी माहौल में हुआ पौधरोपण

मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान
उदयपुर 7 अगस्त। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर जिले भर में मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान, हरियालो राजस्थान (एक पेड़ माँ के नाम) के तहत वृहद वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान सर्वत्र उत्सवी माहौल दिखाई दिया।
संभागीय एवं टीएडी आयुक्तालय में लगाए पौधें :
संभागीय एवं टीएडी आयुक्तालय में वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त राजेन्द्र भट्ट, टीएडी आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, अतिरक्त संभागीय आयुक्त छोगाराम देवासी, टीएडी के अतिरिक्त आयुक्त अनिल शर्मा एवं प्रज्ञा केवलरमानी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारी विजल खंडेलवाल ने बताया कि सभी अधिकारियों ने परिसर में आशापालव के पौधे लगाए। इस अवसर पर सभी कार्मिकों को पौधे देकर उन्हें घर के आस-पास उपयुक्त स्थान पर लगाने एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपना दायित्व निभाने के लिए प्रेरित किया।
निर्माण विभाग की ओर से किया वृक्षारोपण :
सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से सज्जनगढ़ गैंगहट, लक्कड़वास गैंगहट व कुराबड़ गैंगहट के साथ कई सड़कों पर वृक्षारोपण कर लगभग 250 पेड़ लगाये गये। जिला खण्ड प्रथम के अधिशाषी अभियंता अशोक उपाध्याय ने बताया कि सज्जनगढ़ गैंगहट पर आयोजित कार्यक्रम में संभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता अशोक शर्मा, अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार गर्ग, राजीव अग्रवाल, विद्युत विंग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता अजय माथुर सहित कई अभियन्ता एवं कर्मचारियों ने वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया।
सहकारी उपभोक्ता थोक भंडार की ओर से किया वृक्षारोपणः
उदयपुर सहकारी उपभोक्ता थोक भंडार लि. द्वारा प्रतापनगर स्थित सेन्ट्रल गोदाम पर वृक्षारोपण कार्यक्रम रखा गया। भण्डार प्रशासक प्रेम प्रकाश माण्डोत ने आंवले का पौधा लगाकर कार्यक्रम की शुरूआत की। प्रबन्ध निदेशक आलोक चौधरी, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक नीरज यादव, सहकारिता विभाग के क्षेत्रीय अंकेक्षण अधिकारी सौरभ शर्मा एवं बैक के अधिशाषी अधिकारी श्रीमती मेहजबीन बानो, प्रमोद कुमार, विनोद कोठारी, कौटिल्य भट्ट सहित सहकारिता विभाग एवं भण्डार के प्रत्येक कर्मचारियों ने इस कार्यक्रम में भागीदारी निभाई। भण्डार के महाप्रबन्धक राजकुमार खांडिया ने बताया कि इस कार्यक्रम में अशोक, नीम, आंवला, जामुन, शीशम आदि पोधे लगाये गये।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर वृक्षारोपण किया :
हरियाली तीज के अवसर पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक हरिश चन्द्रा के निर्देशन में चित्तौड़गढ़-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर उचित एक्सप्रेस द्वारा विभिन्न स्थानों पर राजमार्ग के दोनों ओर अलग-अलग प्रजातियों के पौधे लगाए गये एवं इनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रोजेक्ट हेड सूर्य प्रताप सिंह सहित इंतजार हुसैन, संतोष सिंह, विजय भास्कर, संजय शर्मा, नितिन कौशिक, कार्तिक, बलवीर राठौड़ आदि उपस्थित रहे।
राउप्रावि बोरीकुआ में किया पौधारोपण
गिर्वा ब्लॉक के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बोरीकुआ (अमरपुरा) में 71 पौधे लगाकर कुल 1100 पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा किया गया। संस्था प्रधान मेगी मई दास ने बताया कि विभिन्न चरणों में विद्यालय परिसर एवं राष्ट्रीय राजमार्ग के आस पास के क्षेत्रों में पौधे लगाते हुए शेष बचे 71 पौधे आज लगाए गए। यह पौधे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को वितरित कर उनके घर के आस पास लगवाए गए। इस अवसर पर एक जागरूकता रैली का भी आयोजन हुआ।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!