उदयपुर, 16 सितंबर। जिला कलक्टर ताराचंद मीणा ने जिले के अधिकारियों को तनाव मुक्त रखने के लिए ध्यान सत्र की पहल की है। कलक्टर के निर्देशन में जिले के अधिकारियो व कार्मिकों के लिए तीन दिवसीय विशेष ध्यान सत्र का आयोजन शनिवार 17 सितंबर से सुबह 8.30 से 9.30 बजे तक जिला परिषद सभागार में रखा गया है।
एडीएम प्रशासन ओ.पी.बुनकर ने बताया कि जिला प्रशासन एवं हार्टफुलनेस केन्द्र के तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय कार्यक्रम के प्रथम दिन 17 को हार्टफुलनेस मेडिटेशन फॉर हेपी लाइफ, 18 को स्ट्रेच डेटोक्स फॉर जॉयफूल लाइफ और 19 सितंबर को इनर कनेक्ट-हार्ट कनेक्ट बैलेंस लाइफ पर ध्यान सत्र होगा। यह ध्यान सत्र श्री रामचंद्र मिशन के प्रशिक्षकों द्वारा संचालित करवाया जाएगा। उन्होंने जिला प्रशासन के समस्त प्रशासनिक व विभागीय जिला स्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया है कि वे इस सत्र का हिस्सा बनकर लाभ उठावें।
स्वर्णप्राशन कार्यक्रम 18 को व पांच दिवसीय पंचकर्म शिविर 19 से,
उदयपुर, 16 सितंबर। आरोग्य समिति राजकीय आदर्श आयुर्वेद औषधालय सिंधी बाजार उदयपुर में रविवार 18 सितंबर को सुबह 8 से 10 बजे स्वर्णप्राशन कार्यक्रम आयोजित होगा वहीं पांच दिवसीय पंचकर्म शिविर 19 से 23 सितंबर तक सुबह 9 बजे से 1 बजे तक पांच दिवसीय आयुर्वेद शिविर का आयोजन किया जाएगा। आदर्श औषधालय प्रभारी डॉ शोभालाल औदीच्य ने बताया कि पंचकर्म शिविर में सर्वाइकल, स्पॉन्डिलाइटिस, साइटिका, ज्वाइंट पेन, माइग्रेन, कमर का दर्द, घुटनों का दर्द जैसी बीमारियों का इलाज पंचकर्म चिकित्सा पद्धति द्वारा किया जाएगा।
बैठक 21 सितंबर को’
उदयपुर, 16 सितंबर। उद्योग संबंधी विवाद एवं शिकायत निवारण तंत्र की जिला स्तरीय समिति की बैठक 21 सितंबर सुबह 11.30 बजे जिला कलक्टर ताराचंद मीणा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित होगी। यह जानकारी समिति की सदस्य सचिव एवं जिला उद्योग केन्द्र की महाप्रबंधक मंजू माली ने दी।
जयसमंद भर्ती शिविर में 17 युवाओं का चयन
उदयपुर, 16 सितंबर। भारतीय सुरक्षा दस्ता परिषद, नई दिल्ली के तहत व भारत सरकार के पसारा एक्ट 2005 के तहत उदयपुर जिले में ग्रामीण व शहरी शिक्षित बेरोजगार नवयुवकों को सुरक्षा जवान एवं सुरक्षा सुपरवाइजर के पद पर भर्ती चयन परीक्षा कार्यक्रम जारी है। ट्रेनिंग एकेडमी उदयपुर के भर्ती अधिकारी हिम्मत सिंह ने बताया कि शुक्रवार को जयसमंद में आयोजित भर्ती शिविर में 46 युवाओं ने भाग लिया जिसमें शारीरिक फिजिकल टेस्ट के बाद 17 युवाओं का चयन किया गया।
