उदयपुर, 09 अप्रैल। उदयपुर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी ताराचंद मीणा मंगलवार को उदयपुर लोकसभा की सलूंबर विधानसभा के सराड़ा ब्लॉक में परसाद, सराड़ा, जयसमंद, मेवल और जावर माइंस मंडल में दौरा कर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक ली।
बैठक में उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष कचरू लाल चौधरी ने उपस्थित कांग्रेसजन से कहा कि आने वाला लोकसभा चुनाव देश की दशा और दिशा को तय करने वाला चुनाव है। इसलिए हम सभी बहुत सोच समझ कर फैसला लेना है और अपने-अपने गांव, ढाणी और वार्ड में जाकर आमजन को जागरूक करना है। पिछले दस वर्षो में केंद्र की मोदी सरकार की गलत आर्थिक और सामाजिक नीतियों के कारण देश पिछड़ता जा रहा है। मोदी सरकार ने पिछले दस सालों में नोटबंदी, गलत जीएसटी, किसानों के लिए तीन काले कानून लाकर ये बता दिया कि उनकी सोच देश के आम आदमी की भलाई के लिए नहीं है। इसीलिए अब मौका आया है हम अमीर को ओर अमीर तथा गरीब को ओर गरीब बनाने वाली मोदी सरकार की इन लोकसभा चुनावों में विदाई करे। और देश को प्रगति की दिशा में ले जाने के लिए कटिबद्ध कांग्रेस नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन को जिताएं।
कांग्रेस प्रत्याशी ताराचंद मीणा ने कहा कि बार-बार अबकी बार 400 पार का नारा देने वाली मोदी सरकार अंदर से भयभीत है। क्योंकि वो जानती है कि उन्होंने आमजन की भलाई के लिए कुछ किया ही नहीं इसीलिए वो मनोवैज्ञानिक रूप देश के आम आदमी को झूठा आवरण दिखाकर ये नारा देकर भ्रमित कर रही है। जिससे की देश की जनता भ्रमित हो जाएं लेकिन देश की जनता बहुत समझदार है वो देश को पिछले दस सालो में पीछे धकेलने वाली मोदी सरकार को इन लोकसभा चुनावों में मुंहतोड़ जवाब देगी।
पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा ने कहा कि डबल इंजन से डबल विकास का झांसा देकर राजस्थान की सत्ता में आई भाजपा की पोल खुल चुकी है। राजस्थान की जनता केवल 100 दिन में ही जान चुकी है कि डबल इंजन की सरकार ने राजस्थान के साथ डबल धोखा किया है। कांग्रेस प्रवक्ता डॉ संजीव राजपुरोहित ने बताया कि बैठक में पूर्व विधायक एवं प्रधान बसंती देवी मीणा, पूर्व उप जिला प्रमुख लक्ष्मी नारायण पांड्या, सराड़ा ब्लॉक अध्यक्ष गणेश लाल चौधरी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
देश की दशा और दिशा को तय करने वाला चुनाव है-चौधरी
