कटारिया विरोधी गुट के नेताओं की भाजपा में हुई एंट्री

उदयपुर,07 अप्रेल(ब्यूरो): भाजपा में गुलाबचंद कटारिया विरोधी माने जाने वाले नेताओं की अब पार्टी में एंट्री होने लगी है। जनता सेना के सुप्रीमो एवं भाजपा से विधायक रहे रणधीर सिंह भीण्डर के बाद जनता सेना के जिलाध्यक्ष मांगी लाल जोशी एवं अन्य नेताओं की भाजपा में फिर से एंटी हुई है। जोशी भाजपा के उदयपुर जिला अध्यक्ष रह चुके थे और पूर्व विधायक रणधीर सिंह भींडर की तरह ही गुलाबचंद कटारिया के विरोधी रहे। जब तक कटारिया भाजपा की सक्रिय राजनीति में रहे, तब तक भीण्डर, जोशी तथा उनके समर्थक पूर्व भाजपा नेताओं को पार्टी में एंट्री नहीं मिल पाई थी।
रविवार को जयपुर में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी एवं अन्य पार्टी नेताओं की मौजूदगी में जनता सेना के जिलाध्यक्ष रहे मांगी लाल जोशी, भाजपा से पार्षद रहे दिनेश माली और गजेंद्र सिंह सामर को फिर से भाजपा में शामिल कर लिया गया। साथ ही कांग्रेस नेता डॉ. पृथ्वीराज चौहान ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। इन सभी नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।
गुरुजी के रूप में प्रसिद्ध है जोशी
भाजपा में फिर से शामिल मांगीलाल जोशी गुरुजी के नाम से प्रसिद्ध हैंं साल 1998 में भाजपा ने उन्हें उदयपुर शहर विधानसभा के लिए प्रत्याशी बनाया था लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी त्रिलोक पूर्बिया से महज 4 हजार मतों से हार गए। उसी दौरान भाजपा नेता गुलाबचंद कटारिया से अनबन होने पर जोशी ने पार्टी से दूरी बना ली। जोशी का कहना था कि वह नगर परिषद सभापति का चुनाव लड़ना चाहते थे लेकिन कटारिया ने उन्हें टिकट नहीं मिलने दिया। उसी दौरान दोनों के बीच बढ़ी अदावत के चलते जोशी भाजपा छोड़कर कटारिया विरोधी नेता रणधीर सिंह भीण्डर की पार्टी जनता सेना के साथ हो गए। जनता सेना ने उन्हें जिलाध्यक्ष बनाया और तब से वह इसी पद पर थे। कटारिया के असम के राज्यपाल बनने के बाद एक बार फिर भाजपा ने रणधीर सिंह भीण्डर को पार्टी में शामिल किया तब से कयास लगाए जाने लगे कि जोशी एवं अन्य कटारिया विरोधी भाजपाइयों की घर वापसी होगी। जोशी ने कहा कि देश को पीएम मोदी जैसे सशक्त नेतृत्व की आवश्यकता है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!