लग्जरी कारों की चोरी के तरीके ने पुलिस को चौंकाया

गिरफ्तार दो आरोपियों से तीन कार बरामद, 31 कार चुराने से पहले ही पकड़ में आए
चोरी किए गए वाहनों को डोडा—चूरा तस्करों को बेच देते थे
उदयपुर: शहर पुलिस ने लग्जरी कारों की चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन कार बरामद की। उनके बताए चोरी के तरीके को जानकार पुलिस भी चकित रह गई। आरोपी धुलाई पर आने वाली कारों के संपूर्ण डाटा को विशेष मशीन के जरिए इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिज्म को ब्रेक कर लेते तथा उसमें जीपीएस लगा देते थे। कार की चाबी की कॉपी तैयार कर लोकेशन के जरिए उसके पास पहुंचते और चुरा ले जाते। अब तक वह तीन लग्जरी कार चुरा चुके तथा 29 अन्य लग्जरी कारों का डाटा उनके पास मिला, जिन्हें वह चुराने की तैयारी में थे।
पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने मीडिया को बताया कि वह जिन कारों को चुराना चाहते थे उनमें चार्जेबल जीपीएस लगाते जिनमें दस दिन तक बैटरी बैकअप रहता। पकड़े गए आरोपियों के निशाने पर लग्जरी कारें ही रहती।
पहले मॉल में वाशिंग सेंटर चलाया फिर करने लगे चोरी
पुलिस अधीक्षक ने बताया पकड़े गए आरोपियों में जालौर निवासी 30 वर्षीय लतीफ खान उर्फ हरीश चौधरी पुत्र इम्तियाज खान तथा रेबारियों की ढाणी—भीनमाल निवासी 24 वर्षीय विक्रम पुत्र वीराराम सुथार शामिल हैं। लग्जरी कारें चुराने के उद्देश्य से उन्होंने लेकसिटी मॉल में एक्सेस डिटेलिंग के नाम से कार वॉश एण्ड सर्विस सेंटर खोला। जहां मॉल में घूमने वाले लोगों की कार धुलाई के दौरान वह दिल्ली से खरीदी मशीन के जरिए वाहन के इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिज्म ब्रेक कर उसका संपूर्ण डाटा स्कैन कर लेते थे। साथ ही उसमें जीपीएस लगा देते। उसके बाद कार की चाबी तैयार कर जीपीएस सिस्टम से कार को ट्रेक कर उसे चुरा लेते। बाद में उन्हें भीनमाल, सांचौर के आस पास सक्रिय डोडा—चूरा तस्करों को बेच दिया करते। पुलिस ने आरोपियों से इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिज्म ब्रेक करने की मशीन के अलावा कई लग्जरी कारों की तैयार चाबियां और जीपीएस डिवाइस बरामद की है। इसके अलावा उनसे एक स्कॉर्पियो कार भी बरामद की है, जिसमें मशीन, चाबियां और जीपीएस डिवाइस लेकर घूमते रहते थे।
31 लग्जरी वाहन चोरी से बचे
पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के पास 31 लग्जरी कारों का रिकार्ड तथा उन कारों की कॉपी कर तैयार चाबियां बरामद कीं। उन्होंने बताया वह आगामी कुछ ही दिनों में इन कारों को चुराने की फिराक में थे और इस संबंध में सारी तैयारी कर रहे थे।
सुखेर के रिसोर्ट से चोरी गई कार के बाद पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने बताया कि गत 24 फरवरी के सुखेर थाना क्षेत्र के एक रिसोर्ट से निर्मल पुरोहित की ब्रेजा कार चोरी हो गई थी। जिसकी जांच को लेकर एएसपी उमेश ओझा, डिप्टी चांदमल सिंगारिया के निर्देशन में सुखेर थाना अधिकारी हिमांशु सिंह राजावत को विशेष पुलिस टीम गठन कर जांच के निर्देश दिए थे। जिसके बाद पुलिस को नेशनल हाईवे 27 पर तमिलनाडु रजिस्ट्रेशन की स्कॉर्पियो कार में घूमते दो संदिग्ध व्यक्तियों को देखा था और उनकी कार की तलाशी लेने लगे तो वह भागने लगे। पीछा कर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया था। पुलिस अधीक्षक ने बताया इस मामले के खुलासे में कांस्टेबल भंवरलाल और अचलाराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!