अस्पताल से चोरी 13 माह की मासूम 4 दिन बाद बरामद

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

मां को सौंपी बच्ची, बच्चा चुराने वाली महिला गिरफ्तार
राजेश वर्मा
उदयपुर 27 फरवरी। यहां संभाग के सबसे बड़े महाराणा भूपाल अस्पताल से 4 दिन पहले चोरी 13 महीने की बालिका को पुलिस ने बरामद कर लिया। बालिका उसे चुराने वाली महिला के पास चीरवा के समीप डोरिया फला महादेव मंदिर के पीछे स्थित पहाड़ी पर बने रोशन गमेती के घर से बरामद हुई। पुलिस ने बच्चा चुराने वाली महिला को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने पत्रकारों को बताया कि बच्चा चोरी के आरोप में पुलिस ने मंजू गमेती उर्फ लीलाबाई(30) को गिरफ्तार किया है। उसके पति मुकेश की मौत के बाद वह रोशन गमेती के साथ नाते चली गई। पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसके कोई संतान नहीं हो रही थी, इसलिए उसने बच्चा चुरा लिया। हालांकि पुलिस इसकी पड़ताल भी कर रही है कि उसका किसी बच्चा चोर गिरोह से कोई संपर्क तो नहीं।
बच्चा चुराने की फिराक में अस्पताल के आसपास ही करती थी मजदूरी
पुलिस अधीक्षक गोयल ने बताया कि मंजू उर्फ लीलाबाई पिछले एक—दो महीने से बच्चा चोरी की फिराक में थी। इसलिए वह अस्पताल के आसपास ही मजदूरी करती थी। कई दिनों से वह अस्पताल में घूमती रहती थी ताकि मौका पाकर वह बच्चा चुरा सके।
पुलिस ने लौटाई मुस्कान
पुलिस ने चुराई गई बालिका को बरामद कर उसकी मां हीना परिहार को लौटा दी। अपनी बेटी के चोरी जाने के बाद उसका रो—रोकर बुरा हाल था। अब उसे बालिका मिल गई तो उसके चेहरे पर चार दिन बाद मुस्कान देखने को मिली।
इस तरह से पकड़ी गई आरोपी 
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बच्चा चुराने वाली महिला को पकड़ने के लिए जिला पुलिस की स्पेशल टीम और हाथीपोल थाना पुलिस की टीम ने शहर एवं आसपास के 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरे को खंगाले। जांच में सामने आया कि महिला कोर्ट चौराहे पर एक गार्ड से मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने अपने अनुसंधान को आगे बढ़ाया और महिला के बारे में जानकारी जुटाई।
सुबह पांच बजे सोती बालिका उठा ले गई
पुलिस ने बताया गया कि बच्ची की मां हीना परिहार मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से यहां आई थी। उसके भाई दीपक राज का यहां एमबी अस्पताल में आपरेशन हुआ था और वह उसकी देखभाल के लिए आई थी। आईसीयू में भर्ती भाई को दस दिन पहले सर्जिकल वार्ड में शिफ्ट किया गया था। शुक्रवार को हीना अस्पताल की लॉबी में अपनी 13 महीने की बेटी अभियंशी केा लेकर सोई थी। सुबह साढ़े तीन बजे जब वह नींद से उठी तब बालिका उसके पास थी। कुछ समय बाद उसकी आंख लग गई और सुबह पांच बजे बाद खुली तब उसकी बालिका गायब थी। लगभग पांच बजे उसकी बेटी को मंजूू गमेती ने चुराया और ले गई। उस समय बालिका पूरी तरह नींद में थी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!