सलूंबर में अन्तर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार, 30 बाइक बरामद

उदयपुर। सलूम्बर जिला मुख्यालय पर पुलिस ने बाइक चोर के अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 30 बाइक भी बरामद हुई हैं।
सलूम्बर के पुलिस अधीक्षक अरशद अली ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में सड़कों से बाइक चोरी की वारदातें बढ़ी थीं। जिसको लेकर एडिशनल एसपी दिनेश अग्रवाल, उप अधीक्षक डूंगरसिंह चुण्डावत के निर्देशन में थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार के नेतृत्व में एक टीम को बाइक चोरों की गिरफ्तारी के लिए लगाया था। सघन जांच तथा तलाशी के बाद पुलिस ने 24 वर्षीय खेतावतवाड़ा—सराड़ा निवासी भीम सिंह पुत्र कल्याण सिंह राजपूत, बेहूती निवासी 27 वर्षीय कल्याण सिंह पुत्र गमेर सिंह राजपूत तथा 28 वर्षीय प्रताप सिंह उर्फ पपीया पुत्र मनोहरलाल राजपूत और बस्सी—सलूम्बर निवासी 25 वर्षीय रामसिंह पुत्र लक्ष्मणसिंह राजपूत को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सख्ती एवं मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ के दौरान उन्होंने जो खुलासा किया, उससे पुलिस भी चौंक गई। ये आरोपी सलूम्बर, उदयपुर तथा गुजरात के विभिन्न क्षेत्रों से दर्जनों बाइक चुरा चुके हैंं। उनसे अभी तक चोरी की 30 बाइक बरामद हो चुकी हैं।
इन आरोपियों ने बताया कि ये लोग भीड़—भाड़ वाले इलाकों में पहले रैकी करते तथा दिन में ही बाइक चुराते। वह जब भी बाइक चुराते, कभी अपने साथ मोबाइल नहीं रखते थे। एक साथी पिन निकालकर बाइक को स्टार्ट करता तथा दूसरा सौ—दो सौ मीटर दूर खड़ा रहता था। बाइक चुराने के बाद वह अंदरूनी गलियों से फरार हो जाते थे। उन्होंने यह भी बताया कि वह एक खास कंपनी की काली एवं सिल्वर रंग की बाइक ही चुराते थे, जो आसानी से आसपास के ग्रामीण इलाकों में औने—पौने दाम में बिक जाती थी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!