योजना की जानकारी दें और पात्र लोगों को हाथों-हाथ भरवाएं आवेदन-जिला कलक्टर

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविरों का कलक्टर ने किया निरीक्षण
उपस्थित जनसमुदाय को स्वयं प्रदान की योजनाओं की जानकारी
उदयपुर, 20 दिसंबर। विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत बुधवार को पुरोहितों की मादड़ी और प्रतापनगर में लगे शिविरों का जिला कलेक्टर श्री अरविंद पोसवाल नेअवलोकन किया। उन्होंने स्वयं शिविर स्थल पर उपस्थित जनसमुदाय को विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की। साथ ही अधिकारियों और कार्मिकों को निर्देश दिए कि वे यहां आने वाले सभी लोगों को विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी प्रदान करें और पात्र लोगों का हाथों हाथ आवेदन भरवाएं। यदि किसी के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं है तो वह उन्हें मंगवाकर उनकी पूर्ति करवाने में सहायता करें।
जिला कलेक्टर पूरोहितों की मादड़ी स्थित सामुदायिक भवन में लगे शिविर स्थल पर पहुंचे। यहां बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति थी। प्रत्येक योजना के काउंटर पर जाकर जिला कलेक्टर ने महिलाओं से सवाल किया कि उन्हें योजनाओं के बारे में सही जानकारी मिल रही है या नहीं। शिविर स्थल पर मौजूद नगर निगम उपायुक्त सुधांशु सिंह, डे नोडल अधिकारी लखन लाल बैरवा, शहरी आजीविका मिशन के शैल सिंह और अन्य अधिकारियों को निर्देश देते हुए पोसवाल ने कहा कि ये शिविर महज आवेदन पत्र वितरण शिविर बन कर ना रह जाएं। उन्होंने शिविर स्थल पर डे नोडल ऑफिसर की जिम्मेदारी तय करते हुए कहा कि शिविर स्थल पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सभी 17 योजनाओं के बारे में सटीक जानकारी प्रदान किया जाना सुनिश्चित करें। साथ ही जरूरी दस्तावेज मंगवाकर विभिन्न योजनाओं के पात्र लोगों के आवेदन पत्र हाथोंहाथ भरवाएं।
प्रतापनगर में लगे शिविर स्थल पर उपस्थित लोगों को जिला कलक्टर ने स्वयं पीएम स्वनिधि योजना के बारे में बताया और योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने को कहा। आयुष्मान भारत योजना का तहत बनाए जा रहे आभा कार्ड से जुड़ी जानकारी देते हुए उन्होंने उपस्थित कार्मिकों को कजा कि वे इस योजना के लाभ के बारे में लोगों को सविस्तार बताएं। उन्होंने शिविर में विभिन्न योजनाओं में अब तक हुई प्रगति के आंकड़ों की जानकारी ली। वहीं कार्मिकों को संबंधित योजनाओं के बारे में पूरी जानकारी रखने एवं आगंतुकों को उसकी सही जानकारी मुहैया करवाने पर की जरूरत बताई। डे नोडल ऑफिसर अखिल कुमार गोयल ने जिला कलक्टर को शिविर की प्रगति से अवगत कराया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!