बोतल में पेट्रोल देने से मना किया तो पंपकर्मियों पर किया हमला

क्रोस केस दर्ज
उदयपुर। बोतल में पेट्रोल देने से इंकार करने पर कुछ लोगों ने अंबामाता क्षेत्र के रामपुरा स्थित कन्हैया फिलिंग स्टेशन पर हमला कर दिया। पंप आॅफिस के शीशे तोड़ दिए। जिसके बाद पंपकर्मियों ने बचाव के लिए लाठी और डंडों से उन पर हमला कर दिया। इस घटना को लेकर दोनों पक्षों ने अंबामाता थाने में मामला दर्ज कराए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार घटना बुधवार शाम सात बजे की है। कुछ युवक एक महिला के साथ कन्हैया फिलिंग स्टेशन पहुंचे तथा उन्होंने बोतल में पेट्रोल देने के लिए कहा। जबकि पंपकर्मियों ने इसके लिए इंकार कर दिया। जिस पर पेट्रोल लेने आए व्यक्तियों और पंपकर्मियों के बीच कहासुनी हो गई। तब पंप मालिक मनीष मेहता ने बीच—बचाव कर मामला शांत कराया और पेट्रोल लेने आए लोग लौट गए। 15—20 मिनट बाद वहां 7—8 युवक उसी महिला के साथ आए, जो पहले वहां आई थी। सभी ने पेट्रोल पंप के आॅफिस पर हमला कर तोड़फोड़ कर दी। युवकों ने पंप पर रखे अग्निशमन उपकरण को उठाकर कांच पर दे मारा था। उन्होंने केबिन में बैठे पंपकर्मी पर हमला कर दियां जिस पर पंप पर काम कर रहे लोग बीच—बचाव के लिए आए और उन्होंने डंडा फटकारते हुए उन्हें भगाया। जिसके बाद मारपीट करने आए लोग और महिला वहां से भाग निकले।
घटना की जानकारी पंट्रोल पंप कर्मी जगदीश पुत्र नारायण लाल ने पुलिस को दी। उसने पुलिस को बताया कि जब उसने हमलावर युवकों को रोका तो उन्होंने मारपीट की तथा जातिगत गालीगलौज करते हुए चाकू दिखाकर जान से मारने की कोशिश की। मारपीट में पेट्रोलपंप कर्मी परीक्षित गुर्जर, जगदीश और एक अन्य नारायण को चोटें आईं। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से कैफी जिलानी नामक युवक ने पंपकर्मी दुर्गेश वैष्णव, नारायण सिंह तथा जगदीश के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कराया। उसने कहा कि नाम पूछने के बाद पंपकर्मियों ने पेट्रोल देने से इंकार कर दिया था।
व्यापार संघ ने जताया आक्रोश
इधर, रामपुरा व्यापार संघ ने इस घटना को लेकर आक्रोश जताया है। संघ के अध्यक्ष अशोक परमार के साथ पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने अंबामाता थाना पुलिस को बताया कि कुछ अपराध प्रवृत्ति के युवक इसी तरह व्यापारियों को परेशान करते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने घटना के सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराए, जिसमें दिखाई दे रहा है कि युवकों ने किस तरह पेट्रोल पंप पर तोड़फोड़ की।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!