प्रतापगढ़,26 नवंबर।* विधानसभा चुनाव 2023 के अंतर्गत 25 नवंबर को मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई जिसके अंतर्गत मतदान समाप्ति के पश्चात सांख्यिकी प्रकोष्ठ से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार धरियावद विधानसभा क्षेत्र में मतदान प्रतिशत लगभग 80.47 प्रतिशत और प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 83.77 प्रतिशत रहा। इसी तरह से जिले का औसत मतदान प्रतिशत 82.12 प्रतिशत रहा।
महिला शक्ति के थामी कमान : जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रजीत यादव ने बताया कि प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पुरुष और महिला मतदान क्रमश: 85.15 प्रतिशत और 82.39 प्रतिशत और धरियावद विधानसभा क्षेत्र में पुरुष और महिला मतदान क्रमश: 78.85 प्रतिशत और 82.13 प्रतिशत रहा। इसी प्रकार जिले में पुरुष मतदान प्रतिशत 82 और महिला मतदान प्रतिशत 82.26 रहा।
जिले में प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक मतदान राजकीय प्राथमिक विद्यालय फरेदी में 95.32 प्रतिशत और धरियावद विधानसभा क्षेत्र में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय भूंगा भार में 95.25 प्रतिशत रहा। वही न्यूनतम मतदान प्रतिशत प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बीबीएन सीनियर सेकंडरी (राइट पार्ट) 52.09 प्रतिशत और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पारसोला रूम नंबर 6 (साउथ पार्ट) पर 53.03 प्रतिशत रहा।
पिछली बार से बढ़ा है मतदान प्रतिशत : उल्लेखनीय है की विधानसभा चुनाव 2018 में प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्र और धरियावद विधानसभा क्षेत्र में मतदान प्रतिशत क्रमश: 81.99 और 78.07 प्रतिशत था। विधानसभा चुनाव 2023 में प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्र और धरियावद विधानसभा क्षेत्र में मतदान प्रतिशत क्रमश: 83.77 और 80.47 प्रतिशत रहा। इस प्रकार मतदान प्रतिशत में प्रतापगढ़ और धरियावद विधानसभा क्षेत्र में क्रमश: 1.78 प्रतिशत और 2.40 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। जिले में मतदान प्रतिशत विधानसभा चुनाव 2018 में 80.03 प्रतिशत और विधानसभा चुनाव 2023 में 82.12 प्रतिशत रहा। इस प्रकार इस बार मतदान प्रतिशत में 2.09 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
