फतहनगर। मतदान समाप्ति के बाद भाजपा व कांग्रेस के कार्यकर्ता उत्साह से लबरेज दिख रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह मतदान के बाद धन्यवाद सभा में देखने को मिला जहां पर भाजपा प्रत्याशी कृष्णगोपाल पालीवाल की जीत को लेकर विधानसभा संयोजक दिनेश कावड़िया ने कहा कि पांच दिनों में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने अपनी मेहनत के बल पर माहौल ही बदल दिया। ऐसा माहौल जो न तो पहले कभी देखा गया और न आने वाले समय में होगा। भाजपा की जीत को लेकर कावड़िया अधिक आश्वस्त दिखे। उन्होने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से भाजपा की मावली में हैट्रिक लगने वाली है। सभा में भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं की मेहनत की खूब सराहना की तथा साथ ही नसीहत भी दे डाली कि कार्यकर्ता के सुख दुःख में हर समय खड़ा रहें ताकि अभी पार्टी को जो मजबूती मिली है वह आगे भी बरकरार रहें।
कांग्रेस प्रत्याशी मावली प्रधान पुष्करलाल डांगी के आसना स्थित कृषि फार्म पर कार्यकर्ताओं की बैठक रखी गयी जहां पर प्रत्येक बूथ की स्थिति पर फीडबैक लिया गया। कां्रगेस के कार्यकर्ता भी अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। इनके दावे का आधार भी है कि भाजपा का बागी आरएलपी प्रत्याशी कुलदीपसिंह चुण्डावत जितने अधिक वोट काटेगा उतना ही डांगी की जीत सुनिश्चित होनी है। मतदान करवाने में आरएलपी प्रत्याशी के पक्ष में भी युवाओं ने मेहनत की। इन दावों के विपरित लोगों के कयास हैं कि मुकाबला भाजपा व कांग्रेस के बीच ही है तथा जीत हार का अंतर भी कम ही रहने वाला है।
मौसम का मिजाज बदलाः बिजली की गर्जना के साथ शाम को हुई बारिश
फतहनगर। रविवार को मौसम का मिजाज सुबह से ही बदल गया। सूर्य के दर्शन दिनभर नहीं हुए। मौसम में ठण्डक घुली रही तथा शाम को अंधेरा घिरने के साथ ही बारिश का दौर शुरू हो गया जिससे ठिठुरन अधिक हो गयी। बाजार सुनसान हो गए तथा लोग घरों में जा दुबके। मावठ की इस बारिश से रबी फसलों को फायदा होने की संभावना है।
