विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने ली बैठक
उदयपुर, 23 नवम्बर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के तत्वावधान में राष्ट्रीय लोक अदालत 9 दिसम्बर को आयोजित होगी। इसे लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष व जिला एवं सत्र न्यायाधीश के निर्देशन में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।
प्राधिकरण सचिव एडीजे कुलदीप शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु निरंतर बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रैलियां निकाल कर आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति जागरूक किया जा रहा है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग एवं अन्य माध्यमों का उपयोग करते हुए न्यायिक अधिकारी गण की मीटिंग ली जा रही है। इसी क्रम में गुरूवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट उदयपुर के अवकाशागार में उदयपुर मुख्यालय के न्यायिक अधिकारीगण की बैठक ली गई। बैठक में अधिकाधिक राजीनामा योग्य प्रकरणों को लोक अदालत में रखने एवं उनका निस्तारण किए जाने के निर्देश प्रदान किए। बैठक में मुख्य न्यायिक मजिस्टेªट प्रवीण कुमार भी उपस्थित रहे।
बालगृह का निरीक्षण
उदयपुर, 23 नवम्बर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष के निर्देश पर प्राधिकरण सचिव एडीजे कुलदीप शर्मा ने गुरूवार को भगवान महावीर बालगृह का औचक निरीक्षण किया। शर्मा ने विधि से सरंक्षण एवम् आवश्यकता वाले बालकों हेतु संचालित अनुदानित बालगृह में बच्चों हेतु शिक्षा, आवास, मूलभूत आवश्यकताओं, फर्स्ट एड किट, शौचालय, स्नानागर व्यवस्था, सुबह के नाश्ते, लंच, डिनर, निःशुल्क विधिक सहायता, पढ़ाई, मनोरंजन सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
विचाराधीन बंदी समीक्षा समिति की बैठक
उदयपुर, 23 नवम्बर। सदस्य सचिव राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के तत्वाधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष चंचल मिश्रा की अध्यक्षता में विचाराधीन बंदी समीक्षा समिति की बैठक अयोजित की गई। बैठक में समिति के समक्ष प्रस्तुत प्रकरणों पर विचार विमर्श कर विधि सम्मत निर्णय लिए गए।
