राजसमंद : राजीविका की महिलाओं ने शहर में निकाली भव्य पैदल और स्कूटी रैली

मतदान के नारों से गूंजा राजसमंद
बाजार में दुकानदारों को पीले चावल बाँट कर दिया मतदान का न्यौता
हाथों में तख्तियां, बैनर और फिर नारों से किया मतदान के लिए प्रेरित
राजसमंद 21 नवंबर। स्वीप कार्यक्रम के सतरंगी सप्ताह के तहत जिले में संचालित राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) द्वारा गठित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने पैदल एवं स्कूटी पर महिला मार्च निकालकर मतदान जागरूकता का संदेश दिया। राजीविका की जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. सुमन अजमेरा ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी नीलाभ सक्सेना, स्वीप नोडल अधिकारी जिला परिषद सीईओ राहुल जैन, अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेश बुनकर, उपखण्ड अधिकारी बृजेश गुप्ता एवं अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रमोद दवे ने हरी झंडी दिखाकर रैली की शुरुआत की। रैली पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी रही, मतदान के संदेश शहर में जगह-जगह सुनाई दिए।

500 से अधिक महिलाओं ने लिया भाग

राजीविका की जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. सुमन अजमेरा ने बताया कि जिला कलक्टर के निर्देशन में सतरंगी सप्ताह मतदाता जागरूकता महाभियान के तहत जिले के विभिन्न ब्लॉकों की लगभग 500 से अधिक महिलाओं ने ‘वोट करूंगी तभी तो बढूंगी’ थीम पर औरेंज ड्रेस कोड में पैदल महिला मार्च निकाला जो जिला कलक्टर कार्यालय से प्रारम्भ होकर राजनगर रोड होते हुए जलचक्की, नाथद्वारा रोड़ से 100 फीट रोड़ होते हुए पुनः जिला कलक्टर कार्यालय पर महिला मार्च का समापन हुआ।

पीले चावल बाँट दिया मतदान का न्यौता

डीपीएम सुमन अजमेरा ने बताया कि मार्च के दौरान महिलाएं ऑरेंज कलर में ही बैनर, हाथ में तख्तियां एवं बैलून लेकर नारे लगाते हुए निकली। साथ ही रैली के दौरान राह में मिलने वाले मतदाताओं, विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं दुकानों पर पीले चावल देकर 25 नवम्बर को मतदान करने हेतु न्यौता दिया।

दूसरी रैली 100 से अधिक महिलाओं एवं राजीविका स्टाफ ने ‘लालच पर होगी चोट, सोच समझ कर करेंगे वोट’ थीम पर रेड ड्रेस कोड में मोटर साइकिल एवं स्कूटी पर निकाली जो जिला परिषद् कार्यालय से 100 फीट रोड़ होते हुए टीवीएस चौराहा, द्वारकेश चौराहा, जे.के. मोड़, जलचक्की, नाथद्वारा रोड़ से 100 फीट रोड़ होते हुए पुनः जिला परिषद् कार्यालय पर समापन हुआ।

मतदान के नारों से गुंजायमान हुआ शहर

रैली में महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारों की गूंज के साथ लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखते हुए स्वतंत्र निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संदेश दिया।

महिला मार्च एवं स्कूटी रैली का समन्वयन जिला प्रबंधक भेरूलाल बुनकर ने किया। मतदाता जागरूकता के इस महाभियान में जिला प्रबंधक कालू राम हींगड़, कमल मारू, मुकेश नवल, श्री मनीष मेवाड़ा, अजय माली, प्रीति लोधा, जिला लेखाकार हेमन्त छीपा, केशियर रवि शंकर तिवाड़ी, वाईपी. श्रेया हाजरा सहित ब्लॉक परियोजना प्रबंधक श्यामलाल तेली, पुनीत पालीवाल, श्री सुरेन्द्र सिंह, प्रेमनाथ योगी, समस्त एरिया कोऑर्डिनेटर व आरपीआरपी सहित विभिन्न ब्लॉकों के सीएलएफ स्टाफ एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने भाग लिया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!