कमल में 12 दूल्हे-एक लुटेरी दुल्हन, कांग्रेस में दूल्हा कौन पता नहीं

– सीकर में बेनीवाल का बीजेपी-कांग्रेस पर तंज
सीकर। विधानसभा चुनाव में प्रचार-प्रसार जोर पकड़ रहा है वहीं आरो-प्रत्यारोप और एक दूसरे पर तंज भी कसे जा रहे हैं। सीकर के लक्ष्मणगढ़ के बठोठ गांव में शुक्रवार को आरएलपी प्रत्याशी विजयपाल बगड़िया के लिए प्रचार करने आए राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने कांग्रेस और भाजपा पर तंज कसा है। बेनीवाल ने कमल के निशान में 12 दूल्हे और एक लुटेरी दुल्हन जबकि कांग्रेस में गहलोत और 15 लोगों के होने की बात कही।
मंच को संबोधित करते हुए हनुमान बेनीवाल ने कहा, जब आप वोट देने जाएंगे तो आपको मेरा संघर्ष दिखेगा। कमल के फूल पर आपको 12 दूल्हे और एक लुटेरी दुल्हन दिखाई देगी। दूसरा आपको कांग्रेस का खूनी पंजा दिखाई देगा जिसमें गहलोत और 15 लोग हैं। लेकिन दूल्हा कौन है यह पता नहीं। बेनीवाल ने कहा, धीरे-धीरे देश और प्रदेश में फर्जी दुकान खत्म होगी। कई लोग यहां हरियाणा से भी हेलिकॉप्टर और जहाज लेकर आए हैं लेकिन जब वोट खुलेंगे तो जमानत जप्त हो जाएगी। आजाद समाज पार्टी से गठबंधन के बारे में जिक्र करते हुए बेनीवाल ने कहा, मोदी चाय वाला चाय वाला करते थे, लेकिन चंद्रशेखर केतली लेकर मेरे पास आ गए। अब मोदी खाली हो गए। बेनीवाल ने कहा, मोदी जब भीलवाड़ा में भगवान देवनारायण के गए तो वहां केवल 21 रुपए का लिफाफा डाला और कोई भी घोषणा नहीं की। यह देश के गुर्जर समाज का अपमान है। और अब वह यहां हमारे लोक देवताओं का अपमान करने के लिए आ रहे हैं। बेनीवाल ने कहा कि मैं उन्हीं के बीच से निकाल कर आया हूं वह किसी के सगे नहीं हो सकते।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!