उदयपुर। मैं उदयपुर की बेटी हूं. मैं उदयपुर में ना सिर्फ रही हूं बल्कि उदयपुर को जिया भी है. उदयपुर में ही मेरी स्कूली शिक्षा के साथ ही उच्च शिक्षा भी हुई. शादी प्रोफेसर गौरव वल्लभ से हुई. मेरे पति उदयपुर से चुनावी मैदान में हैं. यह कह सकते हैं कि वे इस शहर के दामाद के साथ ही बेटे भी हैं. मैं उनकी अर्धांगिनी हूं. मैं उनके बारे में इतना कह सकती हूं कि वे संवेदनशील इंसान हैं, जीवन में ऐसा कोई काम नहीं करेंगे जिससे उदयपुर के लोगों का मान एक प्रतिशत भी कम हो. यह बातें प्रोफेसर गौरव वल्लभ की पत्नी प्रियंका वल्लभ ने कही. मंगलवार से प्रियंका वल्लभ ने भी चुनाव प्रचार की कमान संभाली. प्रियंका वल्लभ ने कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं के साथ कई क्षेत्रों का भ्रमण किया, और डोर टू डोर कैंपेन चलाया. इस दौरान उन्होंने सभी से प्रोफेसर गौरव वल्लभ के पक्ष में मतदान करने की अपील की. कहा कि प्रोफेसर गौरव वल्लभ जैसे पढ़े-लिखे, योग्य व दूरदर्शी उम्मीदवार को अगर क्षेत्र की जनता अपना जनप्रतिनिधि बनाती है तो वे ना सिर्फ विधानसभा में बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी उदयपुर की आवाज बनेंगे. उदयपुर के विकास का पूरा खाका तैयार किया गया है. इस दौरान प्रियंका वल्लभ को महिलाओं ने चुनाव में समर्थन देने की घोषणा की. इस दौरान काफी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी मौजूद थी.
गौरव वल्लभ के पक्ष में चुनाव प्रचार में उतरी उदयपुर की बेटी प्रियंका वल्लभ, कहा- गौरव रखेंगे उदयपुर का मान
