जयपुर। राजधानी जयपुर में गणपति प्लाजा में स्थित रॉयरा सेफ्टी वॉलेट्स पर मारे जा रहे आयकर छापों में अब काली कमाई निकलने लगी है. आयकर विभाग की टीमों ने मंगलवार को कई लॉकर ऑपरेट किए तो उनमें छिपा काला धन देखकर अधिकारी दंग रह गए. रॉयरा सेफ्टी वॉलेट्स में करोड़ों की नगदी और सोना निकला है. उसके बाद आयकर विभाग ने अपनी जांच तेज कर दी है. वहीं लॉकर्स से धन की बरसात होने के बाद बीजेपी के राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि आखिरकार उनका दावा सच निकला. गणपति प्लाजा में स्थित रॉयरा सेफ्टी वॉलेट्स से अब काले धन की बरसात शुरू हो गई है. आयकर विभाग की रेड में ये लॉकर्स करोड़ों रुपये और गोल्ड उगल रहे हैं. आयकर विभाग के सूत्रों के मुताबिक इन लॉकर्स से बड़े पैमाने पर कैश और गोल्ड ज्वेलरी की जब्त की गई है. एक लॉकर से एक करोड़ से ज्यादा कैश मिला है. दूसरे लॉकर से 30 लाख से ज्यादा कैश मिला है. वहीं एक अन्य लॉकर से 1 किलो से ज्यादा सोना बरामद हुआ है. आयकर विभाग ने कैश और गोल्ड की जांच शुरू कर दी है.
इदरीस हसन के लॉकर से एक करोड़ से ज्यादा कैश मिला
आयकर विभाग के सूत्रों के अनुसार कारोबारी कार्तिक कूलवाल के लॉकर से 1 किलो से ज्यादा सोना मिला है. कारोबारी के लॉकर से कारोबार संबंधी अहम दस्तावेज भी किए गए जब्त किए गए हैं. वहीं रावत मिष्ठान भंडार के मालिक के लॉकर से 30 लाख का कैश मिला है. उसके बाद रावत मिष्ठान भंडार के मालिक के घर पर भी आयकर विभाग ने छापे मारे हैं. इदरीस हसन के लॉकर से एक करोड़ से ज्यादा का कैश मिला है. बताया जा रहा है कि यह रकम हज यात्रा में की गई कमीशनखोरी से जमा की गई है. उसके बाद उसे गणपति प्लाजा के रॉयरा सेफ्टी वॉलेट्स में जमा कर दिया गया.
डॉक्टर दानिश अली के लॉकर से 50 लाख रुपये मिले
वहीं डॉक्टर दानिश अली के लॉकर से 50 लाख रुपये मिले हैं. आयकर इन्वेस्टिगेशन विंग ने ये कैश जब्त कर लिया है. डॉक्टर दानिश अली से आयकर विभाग पूछताछ कर रहा है. सांसद किरोड़ीलाल मीणा का कहना है कि गणपति प्लाजा के सभी बेनामी लॉकर्स की गहनता से जांच की जानी चाहिए. यदि ऐसा किया गया तो भ्रष्टाचार कर जमा किया गया करोड़ों रुपये का कालाधन बरामद होगा और और वे लोग बेनकाब होंगे जिन्होंने राजस्थान को लूटा है.
