उदयपुर के एमबी अस्पताल में भर्ती है युवक, फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं
उदयपुर। राजस्थान के प्रतापगढ़ शहर में एक युवक ने कर्ज से परेशान होकर कीटनाशी खा लिया। उससे पहले उसने वीडियो बनाया और उसे वायरल कर दिया। लोगों को जब वह बेसुध हालत में सड़क पर पड़ा मिला तो परिजनों को सूचना दी। फिलहाल उसका उपचार उदयपुर के एमबी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
बताया गया कि पीड़ित युवक शहर के बगवास निवासी भरत सुथार है। वीडियो में यह कह रहा है कि वह कर्ज से परेशान है। वह अपने मकान का पट्टा बनने के बाद बैंक से ऋण लेता तथा बाजार एवं रिश्तेदारों से लिया कर्ज चुका पाता। किन्तु ऐसा नहीं हुआ। एक हजार वर्ग फीट भूमि की एवज में उसे बड़ी मिन्नतों तथा रिश्वत देने के बाद 800 वर्ग फीट का पट्टा दिया।
प्रतापगढ़ कोतवाली के थानाधिकारी भगवानलाल ने बताया कि बगवास के रहने वाले भरत ने शनिवार को घर से 200 मीटर दूर सड़क पर बैठकर वीडियो बनाया। शाम पांच बजे उसने वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल किया था। उसके बाद उसने कीटनाशी पी लिया था। वह बाइक लेकर निकला तो घर के कुछ निकलते ही रास्ते में उसकी तबियत बिगड़ी और सड़क पर बेसुध होकर गिर पड़ा। इसकी सूचना राहगीरों ने परिजनों को दी तब शाम छह बजे उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत होने पर रात आठ बजे उसे उदयपुर के लिए रेफर कर दिया गया।
माता—पिता ने मांगी माफी, एसपी से की अपील
फर्नीचर बनाकर गुजर—बसर करने वाले भरत ने अपने माता—पिता से माफी मांगी है। वीडियो में अपने बच्चे तथा पत्नी का नाम लेते हुए कहा कि वह नगर परिषद वालों से बेहद परेशान है। यह बात उनकी पत्नी चीनू को पता है। उसने जिला पुलिस अधीक्षक के नाम भी अपील भी की है।
युवक ने वीडियो में यह कहा
कीटनाशी पीने से पहले बनाए वीडियो में युवक ने कहा, ”मैं कर्ज से परेशान हूं, मकान क पट्टा बनवाकर कर्ज से मुक्त होना चाहता हॅूं, लेकिन मुझे नगर परिषद में चक्कर लगवा रहे हैं। पार्षद और सभापति 50 हजार रुपए रिश्वत मांग रहे हैं। अब मैं सुसाइड कर रहा हूॅं। पार्षद और सभापति ने मकान का पट्टा देने के एवज में रिश्वत मांगी। मैं उनके सामने खूब रोया—गिड़गिड़ाया। फिर भी उनका दिल नहीं पसीजा। खूब चक्कर लगवाए। इससे परेशान होकर जहर खा रहा हूॅं। ”
पार्षद और सभापति पर लगाया आरोप
भरत सुथार ने वीडियो में उनके वार्ड से पार्षद गोवर्धन मीणा, नगर परिषद सभापति रामकन्या गुर्जर और उनके पति प्रहलाद गुर्जर पर रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि 24 नवम्बर 2021 को उसने 1000 वर्ग फीट के पट्टे के लिए फाइल लगाई थी। 6 अक्टूबर 23 को उसे 800 वर्ग फीट का ही पट्टा मिला। जिसके लिए पार्षद गोवर्धन ने परिषद के कर्मचारी विकास को तीन हजार रुपए बतौर रिश्वत दिलाए थे
सभापति बोले—पार्षद अधिकारियों के नाम पर लेता है पैसा
नगर परिषद सभापति राम कन्या गुर्जर ने कहा कि पार्षद गोवर्धन अपने वार्डवासियों के पट्टे के लिए आवेदन लेकर आता है। उन लोगों से पैसे भी वहीं वसूलता था। पीड़ित के संपर्क करने पर उन्होंने ही उसका पट्टा दिलवाया था। इस मामले में पार्षद की मिलीभगत है, वह अधिकारियों के नाम पैसे लेता है।
पार्षद बोला— पट्टा बनवाने में मेरा कोई रोल नहीं
इधर, पार्षद गोवर्धन मीणा का कहना है कि पट्टा बनवाने में उनका कोई रोल नहीं है। मौका पर्चा में उसके खाते में 800 वर्ग फीट जमीन आ रही थी, जबकि वह ज्यादा जमीन का पट्टा बनवाना चाहता था। मेरे उपर लगे आरोप गलत है।
युवक बयान देने की स्थिति में नहीं
कोतवाली थानाधिकारी भगवानलाल ने बताया अभी भरत की हालत गंभीर है। वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके साथ एक कांस्टेबल भेजा है। मामले की जांच के बाद वस्तुस्थिति का पता लग पाएगा।
वीडियो बनाकर युवक ने खाया कीटनाशी, कहा—परिषद सभापति और पार्षद के रिश्वत मांगने से परेशान होकर उठाया कदम
