सफल एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण कराने को लेकर दिए कई दिशा-निर्देश
अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करें अधिकारी, शांतिपूर्ण चुनाव सभी का दायित्व -भोयर
राजसमंद 31 अक्टूबर। विधानसभा चुनाव के मध्यनजर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए नियुक्त व्यय ऑब्जर्वर आईआरएस पलाश भोयर ने मंगलवार सुबह जिला कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि सफल एवं शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराना हम सभी का सामूहिक कर्तव्य है और हम टीम वर्क करते हुए इस चुनाव को सफल रूप से संपादित करेंगे।
उन्होंने सभी को निर्देश दिए कि जो भी दायित्व आपको सौंपे गए हैं, उनका नियमानुसार निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि कोई भी अधिकारी जरूरत होने पर कभी भी उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने अपने मोबाइल नंबर 92561 53509 सभी से साझा भी किए। साथ ही सभी को अपना परिचय भी दिया।
अवैध गतिविधियों पर करें रोकथाम
बैठक में ऑब्जर्वर भोयर ने जिला आबकारी अधिकारी लोकेश जोशी से कहा कि अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई करें और इसमें कोई कोताही न हो। साथ ही संबंधित अधिकारियों को उन्होंने सड़क मार्गों द्वारा नगदी की आवाजाही, लेन-देन आदि पर निगाह रखने और अवैध नगदी पर सख्ती से जब्ती और अन्य जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी एईओ, एफएसटी, वीएसटी, एसएसटी आदि को निर्देश दिए कि अवैध गतिविधियों को लेकर पूर्ण गंभीरता रखें और विजिलेंट रह कर कार्रवाई करें।
आचार संहिता उल्लंघन पर हो सख्त कार्रवाई
इसके अलावा उन्होंने सी विजिल एप को लेकर भी समीक्षा की। सी विजिल प्रभारी तहसीलदार शंकर लाल ने बताया कि सी विजिल एप पर अब तक 97 शिकायतें प्राप्त हुई थी एवं सभी शिकायतों पर निर्धारित समय में निस्तारण किया जा चुका है और कोई शिकायत लंबित नहीं है। इसके अलावा आचार संहिता उल्लंघन के अन्य मामलों को लेकर चर्चा की।
आमजन को न हो परेशानी
ऑब्जर्वर भोयर ने कहा कि फील्ड स्टाफ इस तरह कार्य करें कि आमजन को कोई परेशानी भी न हो और असामाजिक तत्वों पर लगाम भी लगे। उन्होंने कहा कि हमारी कार्यवाही से आमजन को परेशानी नहीं होनी चाहिए, जिस व्यक्ति के पास नगदी को लेकर पर्याप्त प्रूफ है उसे जाने दिया जाए लेकिन कोई व्यक्ति बिना किसी प्रूफ के नगदी ले जा रहा है उसकी नियमानुसार जांच एवं कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा एमसीएमसी कमेटी एवं मीडिया मॉनिटरिंग के कार्यों की भी समीक्षा की।
कलक्टर और एसपी ने भी की समीक्षा
ऑब्जर्वर भोयर ने जिला कोषाधिकारी विशाल जैन एवं बैंक ऑफिसर्स से विभिन्न विषयों पर बातचीत की। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी नीलाभ सक्सेना ने भी अधिकारियों को चुनाव को लेकर विभिन्न दिशा-निर्देश दिए। एसपी सुधीर जोशी ने भी सुरक्षा संबंधी कई विषयों पर अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी नरेश बुनकर, एडिशनल एसपी शिवलाल बैरवा सहित अन्य उपस्थित रहे।
