सुराग नहीं मिला, बेरहमी से की गई थी दोनों बहनों की हत्या
-राजेश वर्मा
उदयपुर 28 अक्टूबर : शहर की पॉश कॉलोनी में दो बुजुर्ग बहनों की हत्या के दूसरे दिन पुलिस को सुराग नहीं मिल पाए। शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उनके शव परिजनों के हवाले कर दिए गए। जांच में पता चला कि दोनों बहनों की हत्या बड़ी बेरहमी से की गई थी। पुलिस के साथ एफएसएफ टीम तथा डॉग स्क्वायड की टीम जुटाए सबूतों को लेकर जांच में जुटी है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तब ग्राउंड फ्लोर पर कालीन जलता पाया गया। कालीन में सुलगी आग को लेकर भी पुलिस जांच में जुटी है। शुक्रवार शाम पुलिस को उदयपुर शहर के पॉश एरिया नवरत्न कॉम्पलेक्स की डायमंड कॉलोनी के एक बंगले से 80 वर्षीया हुसैना पत्नी याहया अली तथा उनकी 75 वर्षीया छोटी बहन बोहरवाड़ी उदयपुर निवासी सारा पत्नी अहमद अली के शव मिले थे। जिनकी हत्या सिर में वार कर की गई थी। दोनों के सिर में चोट के गहरे निशान मिले हैं।
कुछ ही दिन पहले आई थी दिल्ली से
मामले की जांच कर रहे पुलिस उप अधीक्षक चांदमल सिंगारिया ने बताया कि हुसैना अपने बेटे ताहिर हकीम के साथ दिल्ली में रहती थी। वह यदा—कदा बंगले की देखभाल के लिए यहां आती रहती थी। कुछ ही दिन पहले वह दिल्ली से लौटी थी। जब भी उदयपुर आती तो अपनी छोटी बहन सारा को अपने पास बुला लेती थी। हुसैना के बेटे ने बंगले और अपनी मां की देखभाल के लिए केयर टेकर भी रखा हुआ था। जो नवरात्रि तथा दशहरा पर अवकाश लेकर गया हुआ था। शुक्रवार को वह लौटा तो उसने बंगले के एक कमरे से धुंआ निकलता देखा। जब वह मकान में घुसा तो मंजर देखा तो उसके रोंगटे खड़े हो गए। दोनों वृद्ध बहनों के शव लहूलुहान हालत में औंधे मुंह एक कमरे में जमीन पर पड़े हैं। उसकी सूचना पर पड़ोसी तथा पुलिस मौके पर पहुंची थी।
आठ साल से केयर टेकर कर रहा काम
पुलिस ने बताया कि हुसैना का परिवार दिल्ली में रहने की वजह से यहां डायमंड कॉलोनी स्थित बंगले में एक केयर टेकर को ग्राउंड फ्लोर पर एक कमरा दिया हुआ था। जो दिन में रिक्शा चलाता था। वह अपनी पत्नी और तीन बेटियों के साथ पिछले आठ साल से यहां रह रहा था। उसकी पत्नी हुसैना और उसकी बहन के यहां होने पर खाना बनाती थी। बताया गया कि दोनों बहन हुसैना तथा सारा के पति का पहले ही इंतकाल हो चुका था। सारा भी बोहरवाड़ी स्थित मकान में अकेली रहती थी और जब कभी उसकी बड़ी बहन हुसैना यहां आती तो उसके यहां आ जाती थी। दोनों बहनें पिछले एक महीने से डायमंड कॉलोनी स्थित बंगले में रह रही थीं।
डबल मर्डर के मामले में दूसरे दिन भी पुलिस खाली हाथ
