भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने मेवाड़ के प्रमुख नेताओं से किया विचार—विमर्श

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

दूसरी सूची जारी होने से पहले डेमेज कंट्रोल के प्रयास : उदयपुर और बांसवाड़ा संभाग के प्रमुख नेताओं की बैठक ली
उदयपुर। राजस्थान में बीजेपी की ओर से जारी 41 प्रत्याशियों की सूची के बाद उभरे विरोध के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सोमवार को उदयपुर के दौरे पर रहे। वहां उन्होंने मेवाड़ और वागड़ के प्रमुख नेताओं से विचार—विमर्श किया। नड्डा के इस दौरे को पार्टी में डेमेज कंट्रोल का प्रयास तथा दूसरी सूची जारी करने से पहले एक राय बनाने का प्रयास बताया जा रहा है।
उदयपुर में भाजपा अध्यक्ष जयप्रकाश नड्डा का स्वागत डबोक स्थित महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पर राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे, राजस्थान के पार्टी प्रभारी अरूण सिंह और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने किया। जोधपुर में उन्होंने केन्द्रीय गजेंद्र सिंह शेखावत तथा मारवाड़ के अन्य प्रमुख नेताओं से मुलाकात की।
चर्चा है कि पार्टी अध्यक्ष नड्डा बीजेपी के उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी करने से पहले राज्य के सभी प्रमुख नेताओं से विचार—विमर्श करना चाहते हैं ताकि आगे किसी तरह का विरोध की स्थिति नहीं बने। साथ ही पहली सूची को लेकर जहां ज्यादा विरोध देखने को मिल रहा, वहां डेमेज कंट्रोल के प्रयास शुरू कर दिए जाएं।  उदयपुर में भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने हावर्ड जॉनसन होटल में मेवाड़ और बागड़ के प्रमुख नेताओं से चर्चा की। पहले चरण में उन्होंने उदयपुर शहर, उदयपुर देहात, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़ जिले के पदाधिकारियों से चर्चा की।
मेवाड़ में डेमेज कंट्रोल के साथ एकराय बनाने की कोशिश
भाजपा अपनी पहली लिस्ट में उदयपुर संभाग के छह सीटों से प्रत्याशी घोषित कर चुकी है, उनमें से दो सीटों पर उतारे गए प्रत्याशियों पर जबरदस्त विरोध है। डूंगरपुर सीट पर बीजेपी के बंसीलाल कटारा को प्रत्याशी बनाया और उन्हें बड़े विरोध का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह बांसवाड़ा के बागीदौरा सीट से भी भाजपा की प्रदेश मंत्री कृष्णा कटारा के खिलाफ दो बार भाजपा के प्रत्याशी रहे खेमराज गरासिया उतर चुके हैं। दूसरी सूची से पहले नड्डा की कोशिश है कि मेवाड़ की शेष 22 सीटों से प्रत्याशियों की एक राय बन जाए।
भाजपा के लिए अहम है मेवाड़ वागड
बैठक में शामिल होने से पहले महिला कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। साथ ही भाजपा सरकार के महिलाओं के 33 प्रतिशत आरक्षण के फैसले पर उनका धन्यवाद दिया। नड्डा ने कुछ देर उनसे मुलाकात की और बाद में बैठक में शामिल हुए। बैठक में उदयपुर संभाग तथा बांसवाड़ा संभाग के जिलों के आमंत्रित पदाधिकारी ही शामिल हुए। इसमें स?त्र में उदयपुर शहर, देहात, प्रतापगढ़ और चित्तौड़गढ़ जिले के पदाधिकारी शामिल हुए। जबकि दूसरे सत्र में बांसवाड़ा, डूंगरपुर और राजसमंद जिले के पदाधिकारियों ने नड्डा से चर्चा की।  गौरतलब है कि उदयपुर एवं बांसवाड़ा संभाग भाजपा के लिए खास अहमियत रखते हैं। अभी मेवाड़ वागड़ की कुल 28 सीटों में से 15 पर भाजपा काबिज है जबकि कांग्रेस की झोली में महज 10 सीटें आई थीं। कांग्रेस के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत खुद यहां कई दौरे कर चुके हैं।
बैठक में शामिल हुए यह प्रमुख पदाधिकारी
प्रदेश महामंत्री तथा उदयपुर संभाग प्रभारी दामोदर अग्रवाल ने बताया कि दोनों सत्रों में भाजपा के आमंत्रित पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, संभाग प्रभारी, प्रदेश प्रभारी, राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य एवं पदाधिकारी, प्रकोष्ठों के राष्ट्रीय पदाधिकारी, संयोजक, सह संयोजक, जिला प्रभारी, जिला सह प्रभारी, सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, महापौर, पूर्व महापौर, जिला प्रमुख, पूर्व जिला प्रमुख, प्रधान एवं निकाय अध्यक्षों के अलावा विधानसभा संयोजक तथा प्रभारियों आदि को बुलाया गया था।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!