देशभर के 200 से अधिक ख्यातनाम कलाकार करेंगे शिरकत
पुणे. क्षेत्रीय संस्कृति महोत्सव का आयोजन पुणे के लोकशाहीर अन्नाभाऊ साठे स्मारक हॉल, सतारा रोड़ में 22 से 24 सितंबर तक किया जाएगा। महोत्सव संस्कृति मंत्रालय के पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर और दक्षिण मध्य सांस्कृतिक केंद्र, नागपुर के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया जा रहा है। तीन दिवसीय महोत्सव का उद्देश्य भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना, बढ़ावा देना और लोकप्रिय बनाना है।
पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र की निदेशक किरण सोनी गुप्ता ने बताया महोत्सव का उद्घाटन 22 सितंबर होगा। महोत्सव के पहले दिन पुणे के 50 स्थानीय प्रतिभागी ट्रेडीशनल आर्ट वर्कशॉप में गौंड, वार्ली, मांडना का ख्यातनाम कलाकारों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। उद्घाटन समारोह शाम को 5.30 बजे होगा। शाम को देश की प्रख्यात कलाकार पार्वती दत्ता का दल ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति देगा। शाम को देश के विभिन्न राज्यों के लोक कलाकारों द्वारा लोक झंकार की प्रस्तुति होगी। 23 सितंबर को महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी, बडौदा के फैकेल्टी ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट के स्टूडेंट कथक डांस की प्रस्तुति देंगे। साथ ही प्रख्यात गायिका मधुरा दातार अपने गीतों की प्रस्तुति देगी। 24 सितंबर को महाराष्ट्र के राज्यपाल माननीय रमेश बैस समापन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। शाम को स्वर संगम संस्कृति मंच नागपुर द्वारा भरतनाट्यम नृत्य की प्रस्तुति होगी। वहीं देश की प्रख्यात गायक साधना सरगम अपने गीतों की प्रस्तुति देगी।
देशभर की हस्तशिल्प कला का होगा प्रदर्शन
महोत्सव में देश के विभिन्न प्रदेश से हस्त शिल्प कला के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, नागपुर के डायरेक्टर प्रोफेसर सुरेश शर्मा ने बताया कि
महोत्सव भारत की सांस्कृतिक विरासत एवं विभिन्न कलाओं, व्यंजनों एवं हस्तशिल्प एक जगह लाकर उन्हें पहचान एवं गौरव दिलाने का एक अनूठा प्रयास है। कार्यक्रम में प्रवेश निशुल्क है।
महाराष्ट्र के कलाकार बनाएंगे ट्राइबल वार्ली पेंटिंग
लोकशाहीर अन्नाभाऊ साठे स्मारक हॉल, पद्मावती चौक, सतारा रोड़ में 21 से 24 सितंबर तक महाराष्ट्र के कलाकार ट्राइबल वार्ली पेंटिंग का चित्रण करेंगे। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र की निदेशक किरण सोनी गुप्ता ने बताया महाराष्ट्र के 25 कलाकार इस आर्ट कैंप में हिस्सा लेंगे। कला प्रेमी कलाकारों को काम करते हुए देखेंगे और इनके सृजन से साक्षात्कार करेंगे।