उदयपुर, 13 सितम्बर. जिले के परसाद थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आ रही है। जहां सड़क किनारे पहाड़ी रास्ते में पत्थरों और झाड़ियों के बीच दो दिन का नवजात मिला। जिसे चीटियां काट रही थी। बच्चे की चीख सुनकर राहगीरों का ध्यान उस पर गया और पुलिस को सूचित किया। जिसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर के एमबी अस्पताल के शिशु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परसाद थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि नवजात भूख तथा चीटियों के काटे जाने से तड़प रहा था। समय पर सूचना नहीं मिलती तो उसकी जान भी जा सकती थी। किसी निर्दयी मां या अन्य अज्ञात व्यक्ति ने करणपुर रोड किनारे पहाड़ी रास्ते में निर्दयता पूर्वक उसे पटक दिया। नवजात एक कपड़े में लिपटा था। उसके शरीर पर कोई कपड़ा नहीं पहनाया हुआ था। नवजात की नाक कटी हुई थी। ऐसा किसलिए हुए, इसका खुलासा मेडिकल रिपोर्ट से ही संभव है। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
दो दिन के नवजात को पत्थरों के बीच छोड़ा, चींटियां काट रही थी
