मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पीएम मोदी की खामोशी को बताया खतरे की घंटी

बोले—इंडिया से घबराई भाजपा
उदयपुर: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खामोशी को खतरे की घंटी बताया है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन से भाजपा घबराई हुई है, लेकिन इससे बड़ी चिंता पीएम की खामोशी से है। गहलोत भीलवाड़ा यात्रा के दौरान दूसरे दिन गुरुवार को भीलवाड़ा जिला ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हेमेंद्र शर्मा के घर मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अब इंडिया और भारत को लेकर नया विवाद सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश में खतरनाक खेल खेल रही है, जिसका अंदाजा किसी को नहीं है। उनके दिमाग में क्या चल रहा है? ये लोग चुनाव जीतने के लिए कुछ भी कर सकते हैं।
इंडिया गठबंधन को लेकर बोले गहलोत
सीएम गहलोत ने कहा कि जब से इंडिया गठबंधन बना है, तभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के साथ ही केंद्र के ज्यादातर मंत्रियों की भाषा—शैली एकदम से बदल गई है। गठबंधन बनाने मात्र से बोली व बॉडी लैंग्वेज में तब्दीली देखने को मिल रही है तो इनकी अंदरूनी घबराहट को आप भलीभांति समझ सकते हैं। वर्तमान में इंडिया और भारत के नए-नए विवाद पैदा किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, पार्लियामेंट का अधिवेशन बुलाने में कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन मौजूदा मोदी सरकार किसी सियासी पार्टी को पूछ तक नहीं रही है। इनका एजेंडा भी साफ नहीं हो पा रहा है, जो किसी खतरे की आहट है।
मिशन 2030 पर बोले सीएम
गहलोत ने मिशन 2030 को लेकर कहा कि बुधवार को उद्योगपतियों से उनकी चर्चा हुई है, जिसमें उन्होंने सभी को जयपुर आने को कहा है। साथ ही यह भी कहा गया है कि उनकी जो भी दिक्कतें होंगी, उसका अविलंब निस्तारण कराया जाएगा। गहलोत ने अपनी उपलब्धियां गिनाई और कहा कि राइट टू हेल्थ कानून आज दुनिया में सबसे महत्वपूर्ण कानून है और हमारी सरकार ने आम लोगों के लिए बहुत कुछ किया है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!