-राजेश वर्मा
उदयपुर] 27 जुलाई। शहर के सवीना क्षेत्र में गुरुवार को धमाके के साथ एक ट्रांसफार्मर में आग लग गई। इसके चलते आसपास की दुकानें भी चपेट में आ गई और उनमें रखा सामान जल गई। वहीं क्षेत्र की लाइट गुल हो गई।
बताया गया कि गुरुवार सुबह लगभग साढ़े 10 बजे ट्रांसफार्मर के फटने के बाद उठी आग की लपटों को देखकर आसपास के दुकानदार डरकर दुकान छोड़कर बाहर निकल गए। उनकी दुकानों में आग लग गई तथा काफी सामान जल गया। सूचना पर सवीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना के बाद वहां भीड़ जमा हो गई थी। बताया गया कि आग के चलते सबसे अधिक नुकसान प्लास्टिक की कैरेट बेचने वाले दुकानदार को हुआ, जिसका पूरा माल जलकर खाक हो गया। ट्रांसफार्मर में आग लगने से क्षेत्र में लगभग सात घंटे तक उस समय तक बिजली गुल रही, जब तक वहां नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली सप्लाई जारी की गई।
ट्रांसफॉर्मर में धमाके के साथ लगी आग, करीबी दुकानों का सामान जला
