कार से आए बदमाशों ने कोचिंग कर रहे छात्रों से की मारपीट

उदयपुर। शहर के भूपालपुरा थाना क्षेत्र में बीती रात कार में सवार कुछ बदमाशों ने बाइक से जा रहे तीन युवकों के साथ जमकर मारपीट की। चाकू और सरिए से किए हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना हिरणमगरी सेक्टर तीन की पुलिया की है। जहां लगभग पौने बारह बजे उदयपुर में कोचिंग कर रहे बाड़मेर के तीन छात्र सेवाश्रम की ओर बाइक से जा रहे थे। पीछे से तेज रफ्तार से आई कार सवार ने ओवरटेक करते हुए बाइक के सामने अचानक ब्रेक लगाए। कार से उतरते ही दो युवकों ने बाइक पर बैठे युवकों से मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले में दीपांश चौधरी, गोपाल विश्नोई तथा युवराज विश्नोई घायल हो गए। हमलावरों ने चाकू तथा सरिए से भी हमला किया, जिसमें गोपाल विश्नोई को गंभीर चोट आई। घटना को लेकर शुक्रवार को भूपालपुरा थानेे में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश में जुटी है। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पीड़ितों ने बताया कि उनकी उदयपुर में किसी से कोई रंजिश नहीं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!