उदयपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद सीपी जोशी रविवार को असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया से मिलने गुवाहाटी पहुंचे। उनकी इस यात्रा से मेवाड़ में सियासी हलचल बढ़ गई। कयास लगाया जा रहा है कि जोशी इस बार उदयपुर शहर से विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं और इसके लिए कटारिया का आशीर्वाद जरूरी माना जा रहा है।
राजस्थान में भाजपा के दिग्गज नेता रहे उदयपुर शहर के विधायक गुलाबचंद कटारिया असम के राज्यपाल बनने से पहले राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी थे। कटारिया के संवैधानिक पद संभालने से मेवाड़ में भाजपा की विरासत संभालने वाला कोई नेता नहीं बचा। ऐसे में लगातार दूसरी बार चित्तौड़गढ़ से सांसद रहे सीपी जोशी को पार्टी ने भाजपा का प्रदेशाध्यक्ष बनाया। इसे मेवाड़ में कटारिया की रिक्तता की पूर्ति माना जा रहा है। रविवार को जोशी के कटारिया से मिलने पहुंचने पर भाजपा में सियासी हलचल तेज हो गई। पार्टी पदाधिकारी कयास लगा रहे हैं कि सीपी जोशी उदयपुर शहर विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार हो सकते हैं। चर्चा यह भी है कि पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष को लेकर जोशी की नियुक्ति में कटारिया की भी मौन सहमति मानी जा रही है, लिहाजा जोशी कटारिया की विरासत को सलीके से संभालने के लिए आशीर्वाद लेने वे गुवाहाटी पहुंचे हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर फोटो शेयर कर लिखा है कि असम प्रवास के दौरान राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया से शिष्टाचार भेंट की तथा उनसे मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कटारिया से आशीर्वाद लेने गुवाहाटी पहुंचे भाजपा अध्यक्ष जोशी
