पत्नी की मौत के बाद सूखे कुएं में कूदा युवक

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

पुलिस और ग्रामीणों को शंका—पत्नी की हत्या के बाद युवक ने आत्महत्या का किया प्रयास
उदयपुर। जिले के सायरा थाना क्षेत्र की एक बस्ती में रविवार को पत्नी की मौत के बाद उसका पति कुएं में कूद गया। पानी नहीं होने की वजह से उसकी जान बच गई। इस मामले में पुलिस पत्नी की हत्या या आत्महत्या को लेकर जांच में जुटी है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सायरा की एक बस्ती में विवाहित सोहनी गमेती की मौत के बाद उसका पति भीलवाड़ा निवासी 27 वर्षीय मोतीलाल पुत्र नाना लाल गमेती सूखे कुएं में कूद गया था। जिसे पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से बाहर निकाला। मोतीलाल के कुएं में कूदने की घटना के बाद ही ग्रामीणों और पुलिस को पता चला कि उसकी पत्नी का शव घर में बिस्तर पर पड़ा है। जहां उसका तीन साल का बेटा खेल रहा था। मामले में पति द्वारा पत्नी की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि प्राथमिक पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया।
कूएं से आ रही चीखने की आवाजें, पुलिस ने निकलवाया
थानाधिकारी नाथू सिंह ने बताया कि ग्रामीणों ने सूचना दी कि सूखे कूएं में से चिल्लाने की आवाजें आ रही है। जिस पर वे जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सूखे कूएं में एक युवक गिरा हुआ था। जिसे ग्रामीणों के सहयोग से बाहर निकाला। कुएं के पास स्थित एक कमरे में उसकी पत्नी का शव मिला। थानाधिकारी ने बताया कि इससे पहले मोती लाल की दो पत्नियों की मौत हो चुकी है। साल भर पहले मोती लाल का संपर्क सोहनी से हुआ था। बाद में वह सोहनी को लेकर सूरत गया। कुछ दिनों पहले ही सायरा लौटा था। उसकी दूसरी पत्नी का एक साढ़े 3 साल का बच्चा है। पुलिस ने मोती लाल को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं, मृतका का सायरा सीएचसी में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया गया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!