उदयपुर, 29 मार्च। रवीन्द्र नाथ टैगोर आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं सम्बद्ध चिकित्सालयों में समस्त संकाय सदस्य एवं चिकित्सा अधिकारियों ने अपनी नियमित सेवायें दी।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. विपीन माथुर ने बताया कि महाविद्यालय एवं सम्बद्ध चिकित्सालयों में बहिरंग विभाग के सभी मरीजों को सामान्य रूप से सेवाएं प्रदान की गई और भर्ती मरीजों, आईसीयू, पीआईसीयू में भी नियमित सेवायें दी जा रही है। केवल इलेक्टिव सर्जरी को कुछ समय के लिए स्थगित की गई जबकि इमरजेन्सी सर्जरी नियमित रूप से की जा रही है। पन्नाधाय राजकीय महिला चिकित्सालय उदयपुर में आज 21 सिजेरियन ऑपरेशन हुए, साथ ही राज्य सरकार द्वारा दी गई स्वीकृति के क्रम में 99 जूनियर रेजीडेन्ट की भर्ती कर ली गयी है। उन्होंने बताया कि इस दौरान 49 रेजीडेन्ट चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं पूर्ववत दी।
लाभार्थी खुद बयां करेंगे योजनाओं की सफलता
सुखाडि़या रंगमंच में आज मनाया जाएगा लाभार्थी उत्सव
उदयपुर 29 मार्च। आज राजस्थान दिवस के अवसर पर प्रदेश एवं जिला स्तर पर लाभार्थी उत्सव मनाया जाएगा।
जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा ने बताया कि उदयपुर का जिला स्तरीय समारोह नगर निगम के सुखाडि़या रंगमंच में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित होगा जिसमें लगभग एक हजार लाभार्थी पहुंचेंगे एवं योजनाओं से मिले लाभ तथा राहत की कहानी खुद बयां करेंगे। इसके अलावा उपखण्ड स्तर से करीब 500 लाभार्थी पंचायत समितियों से वीसी के माध्यम से कनेक्ट होंगे। जिला स्तरीय समारोह में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभागों के कर्मचारी भी उपस्थित होंगे। ये सभी लाभार्थी राज्य स्तरीय समारोह से वीसी के माध्यम से भी जुड़ेंगे।
कलक्टर ने बताया कि इस बार राजस्थान दिवस का कार्यक्रम जिला एवं प्रत्येक खंड स्तर लाभार्थी उत्सव के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से मुख्यमंत्री सीधा संवाद कर रहे हैं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं, स्कूटी वितरण व समस्त फ्लैगशिप तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थी पहुंचेंगे। कलक्टर ने जिला व खंड स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थियों के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलक्टर ने कार्यक्रम में स्थानीय समस्त जनप्रतिनिधियों का आमंत्रित करने के साथ ही कार्यक्रम की सफल क्रियान्विति सुनिश्चित करने को कहा है।
